फरीदाबाद। उपायुक्त विक्रम सिंह की अध्यक्षता में जिला फरीदाबाद के यमुना नदी से सटे सभी गांवों के सरपंचों की एक महत्वपूर्ण बैठक आज बुधवार को जिला मुख्यालय पर आयोजित की गई। इस बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों के जल संरक्षण को लेकर हरियाणा सरकार द्वारा प्रस्तावित योजना की जानकारी साझा की गई। उपायुक्त ने बताया कि हरियाणा सरकार की इस योजना का उद्देश्य है कि जिला फरीदाबाद में यमुना से सटे प्रत्येक गांव में कम से कम 1 एकड़ भूमि पर एक जोहड़ (जल संचयन संरचना) का निर्माण किया जाए।
इस जोहड़ का निर्माण कार्य फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) द्वारा वित्त पोषित किया जाएगा। उपायुक्त ने बताया कि यह जोहड़ ग्राम पंचायत की जमीन पर बनाया जाएगा तथा इसका स्वामित्व भी ग्राम पंचायत के पास ही रहेगा। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से गांवों में गिरते भूजल स्तर को रिचार्ज किया जाएगा, ताकि भविष्य में जल संकट जैसी समस्याओं से निपटा जा सके।
उपायुक्त ने सरपंचों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने गांवों में उपयुक्त स्थान चिन्हित कर प्रस्तावित भूमि की जानकारी शीघ्र प्रशासन को उपलब्ध कराएं, ताकि योजना को समयबद्ध तरीके से क्रियान्वित किया जा सके। उपायुक्त ने सभी ग्राम प्रतिनिधियों से जल संरक्षण के इस प्रयास को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की। बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी जन प्रतिनिधियों को प्रधान मंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह योजना देशवासियों को स्वच्छ और सस्ती ऊर्जा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई है। उन्होंने बताया कि इसके अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने की सुविधा प्रदान की जा रही है, जिससे उन्हें मुफ्त बिजली प्राप्त होगी।


