बिहार विधानमंडल के बजट सत्र के आखिरी दिन गुरुवार को विधान परिषद के सदस्यों का फोटो सेशन हुआ। इस दौरान सभी MLC ने CM नीतीश के साथ फोटो खिंचवाई।
फोटो सेशन के दौरान मुख्यमंत्री पत्रकारों का अभिवादन कर हाथ जोड़ रहे थे। फोटोग्राफर उन्हें हाथ नीचे करने के लिए कह रहे थे।
इस दौरान ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र यादव ने मुख्यमंत्री का हाथ पकड़कर नीचे कर दिया। थोड़ी देर बाद नीतीश कुमार ने बिजेंद्र यादव की ओर देखा फिर मुस्कुराने लगे।
20 मार्च को राष्ट्रगान रुकवाकर घूमने निकल गए थे
बिहार के CM नीतीश कुमार ने 20 मार्च को पटना के एक कार्यक्रम में राष्ट्रगान को शुरू होने से पहले रुकवा दिया था। उन्होंने मंच से इशारों में कहा, ‘पहले स्टेडियम का चक्कर लगाकर आते हैं, फिर शुरू कीजिएगा।’ CM का संकेत मिलते ही मंत्री विजय चौधरी ने राष्ट्रगान बंद करा दिया।
दरअसल, CM पाटलिपुत्र खेल परिसर में सेपक टाकरा वर्ल्ड कप 2025 का उद्घाटन करने पहुंचे थे। राष्ट्रगान रुकवाने के बाद वे स्टेडियम का चक्कर लगाने के लिए निकल गए। फिर कुछ देर बाद मंच पर लौट आए।
फिर से राष्ट्रगान शुरू हुआ। इस दौरान नीतीश हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन करते रहे। जब प्रधान सचिव दीपक कुमार ने यह देखा तो उन्होंने हाथ देकर रोकना चाहा। उन्हें सावधान मुद्रा में रहने का इशारा किया, लेकिन वह तब भी नहीं माने और पत्रकारों की तरफ देखकर प्रणाम करने लगे।
पटना में शनिवार को होली मिलन समारोह के दौरान CM नीतीश कुमार BJP सांसद रविशंकर प्रसाद के पैर छूने के लिए झुके। हालांकि BJP सांसद ने मुख्यमंत्री को रोक दिया। पास खड़े JDU के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने भी CM का हाथ पकड़ा। इसके बाद नीतीश कुमार ने रविशंकर को गले लगा लिया। नीतीश कुमार रविशंकर प्रसाद से 4 साल बड़े हैं।
PM मोदी के पैर छूने बढ़े थे नीतीश
इसके पहले CM नीतीश कुमार ने 2 बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पैर छूने की कोशिश की थी। पहली बार 7 जून 2024 को दिल्ली में नीतीश कुमार ने PM मोदी के पैर छुए थे। मौका था लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद दिल्ली में NDA की बैठक का।


