फरीदाबाद / कुछ राष्ट्रीय एवं स्थानीय समाचार पत्रों में प्रकाशित खबर के अनुसार सेक्टर–59 औद्योगिक क्षेत्र में दूषित/रासायनिक पानी पीने से लगभग दस बकरियों की मृत्यु होने का मामला सामने आया है। इस गंभीर प्रकरण का संज्ञान लेते हुए फरीदाबाद की मेयर श्रीमती प्रवीण बत्रा जोशी ने तत्काल प्रभाव से जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं।
मेयर प्रवीण बत्रा जोशी ने संबंधित नगर निगम आयुक्त सहित संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मामले की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच के लिए संयुक्त टीम का गठन किया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि यदि किसी औद्योगिक इकाई द्वारा बिना उपचार के रासायनिक अपशिष्ट का निस्तारण किया जा रहा है तो उसके विरुद्ध पर्यावरण नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण से खिलवाड़ एवं बेजुबान पशुओं की मृत्यु अत्यंत गंभीर विषय है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नगर निगम द्वारा मौके से पानी के नमूने लेकर परीक्षण कराया जाएगा तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
मेयर ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जांच रिपोर्ट निर्धारित समय सीमा में प्रस्तुत की जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस एवं स्थायी उपाय सुनिश्चित किए जाएं।
नगर निगम फरीदाबाद पर्यावरण संरक्षण एवं नागरिकों की सुरक्षा के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है।


