फरीदाबाद। केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजना प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत आज सेक्टर- 28 स्थित कार्यालय में एक विशेष जागरूकता अभियान एवं कैंप का आयोजन किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उनके साथ एनआईटी फरीदाबाद विधायक सतीश फागना भी मौजूद रहे। केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के कल्याण का संकल्प लिया है और उसी सोच के तहत यह योजना शुरू की गई है। योजना का उद्देश्य गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों को सस्ती बिजली उपलब्ध कराना है। सरकार ने इस योजना के तहत देशभर में 1 करोड़ परिवारों को जोडऩे का लक्ष्य रखा है, जिनमें से लगभग 72 लाख लोग पहले ही इसका लाभ ले चुके हैं, जबकि शेष लोगों को जोडऩे के लिए देशभर में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने बताया कि हरियाणा के लगभग एक लाख गरीब परिवारों को सोलर ऊर्जा से जोडऩे का लक्ष्य रखा गया है। योजना के अंतर्गत पात्र उपभोक्ताओं को सोलर पैनल लगाने पर केंद्र और राज्य सरकार की ओर से लगभग 1.10 लाख तक की सब्सिडी प्रदान की जाएगी। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि सरकार द्वारा सोलर सिस्टम लगाने पर सब्सिडी दी जा रही है, जिसके तहत 1 किलोवाट पर लगभग 30 हजार रुपये, 2 किलोवाट पर लगभग 60 हजार रुपये तथा 3 किलोवाट तक पर लगभग 78 हजार रुपये तक की सहायता दी जा रही है।
शेष राशि के लिए उपभोक्ताओं को आसान किस्तों पर ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे कम आय वाले परिवार भी बिना आर्थिक बोझ के सोलर सिस्टम लगवा सकें। अधिकारियों ने यह भी बताया कि जिन उपभोक्ताओं का बिजली बिल नियमित है, उन्हें ऋण पर विशेष छूट भी दी जा सकती है। राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने बताया कि यह योजना पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर लागू की जा रही है, इसलिए पात्र उपभोक्ताओं को जल्द से जल्द आवेदन करना चाहिए। योजना के अंतर्गत जिन परिवारों की बिजली खपत लगभग 3000 यूनिट सालाना तक है, उन्हें बिजली बिल से बड़ी राहत मिलेगी।
सोलर सिस्टम लगने के बाद उपभोक्ताओं को लंबे समय तक बिजली का बिल नहीं देना पड़ेगा और लगभग 25 वर्षों तक सोलर सिस्टम से बिजली का लाभ मिलता रहेगा। उन्होंने कहा कि यदि कोई उपभोक्ता अपनी आवश्यकता से अधिक बिजली उत्पन्न करता है, तो अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में भेजा जा सकता है, जिसके बदले सरकार की ओर से प्रति यूनिट निर्धारित राशि दी जाती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार यह योजना उपभोक्ताओं के लिए बचत के साथ-साथ आय का भी साधन बन सकती है। उन्होंने कहा कहा कि यह योजना वास्तव में आम के आम और गुठलियों के दाम जैसी है, जिसमें उपभोक्ता को दोहरा लाभ मिलता है। उन्होंने कहा कि कि सोलर ऊर्जा को बढ़ावा देने से देश में कोयले पर आधारित बिजली की मांग कम होगी, जिससे प्रदूषण में कमी आएगी और पर्यावरण बेहतर होगा।
स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग से लोगों का स्वास्थ्य भी बेहतर रहेगा और आने वाली पीढिय़ों को सुरक्षित वातावरण मिलेगा। एनआईटी फरीदाबाद विधायक सतीश फागना ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा शुरू की गई सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना आम जनता के लिए बहुत लाभकारी साबित हो रही है और लोग बढ़-चढक़र इसमें भाग ले रहे हैं। सोलर सिस्टम लगाने से उपभोक्ताओं को लंबे समय तक सस्ती और स्थायी बिजली मिलती है, जिससे बिजली बिल का बोझ कम होता है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में यह निवेश बहुत फायदेमंद साबित होता है क्योंकि सोलर सिस्टम लगने के बाद लंबे समय तक बिजली का बिल नहीं देना पड़ता। इस अवसर पर जिला परिषद के चेयरमैन विजय सिंह, जिला परिषद पलवल के चेयरमैन नरेंद्र, बिजली विभाग के एसई जितेंद्र ढुल, फरीदाबाद के विभिन्न डिवीजनों के एक्सईएन पंकज पवार, संजय मंगला, देवेंद्र अत्रि, ओम प्रकाश रक्षवाल सहित स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


