फरीदाबाद। नगर निगम की महापौर श्रीमती प्रवीण बत्रा जोशी ने बताया कि नगर निगम द्वारा शहरवासियों के लिए फरीदाबाद फ्लावर फेस्टिवल 2026 का आयोजन किया जा रहा है। यह भव्य आयोजन 14 व 15 मार्च 2026 को टाउन पार्क सेक्टर 12 फरीदाबाद में आयोजित होगा। इस फेस्टिवल का उद्घाटन कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल करेंगे और यह फेस्टिवल सुबह दस बजे से शाम छह बजे तक चलेगा। महापौर प्रवीण बत्रा गुरुवार को नगर निगम सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित कर रही थी। उन्होंने बताया हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की दूरगामी सोच और हरियाणा के विकास को आगे ले जाने के विजन पर ही इस दो दिवसीय फ्लावर फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है ।
उन्होंने कहा कि आगे भी अलग अलग तरह के फेस्टिवल फरीदाबाद शहर में आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि शहरवासियों और पर्यटकों के लिए फूलों की भव्य सजावट (ग्रैंड फ्लोरल डिस्प्ले), आकर्षक प्रदर्शनी, वर्कशॉप, फेस्टिवल में विभिन्न प्रजातियां के फूल शामिल किए गए हैं जिनमें मुख्य रूप से ग्लैडियोलस / तलवारिया फूल पिटूनिया,गेंदा, गुलबहार, गुलदाउदी ,ऑर्किड / वानस्पतिक भाषा में वंदा कुल का फूल, विभिन्न स्टॉल तथा फ्लोरल एग्जीबिट प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही कार्यक्रम में आने वाले लोगों के लिए विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों के फूड स्टॉल भी लगाए जाएंगे।
प्रेस वार्ता में नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खडग़टा ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य शहर में हरियाली और बागवानी के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा फरीदाबाद की सुंदरता को और निखारना है। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद की पहचान उद्योग नगरी के रूप में है,इसी पहचान के साथ विभिन्न प्रकार के मेले जिनमें फूड फेस्टिवल,मेंहदी कंपीटिशन, थियेटर फेस्टीवल आयोजित किए जाएंगे। जिसके लिए पूरे साल का कैलेंडर तैयार कराया जाएगा। उन्होंने सभी शहरवासियों से अपील की कि वे अपने परिवार के साथ इस फ्लावर फेस्टिवल में पहुंचकर कार्यक्रम का आनंद लें और इसे सफल बनाएं। इस फेस्टिवल में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे।


