बल्लभगढ़/फरीदाबाद, 09 जुलाई । बल्लभगढ़ विधानसभा में आज प्रदेश के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा के द्वारा अनाज मंडी में आयोजित किए गए पन्ना प्रमुख सम्मेलन में मुख्य अतिथि पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भाजपा सरकार ने पिछले 9 वर्षों के सफल सेवाकाल में महिला सशक्तिकरण, देश की सीमाओं को सुरक्षित करने और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि 9 साल के सफल सेवा काल में बूथ स्तर और पन्ने तक मोर्चा का प्रभावी ढंग से विस्तार कर भाजपा ने जनकल्याणकारी नीतियों और नीति को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने बल्लभगढ़ से विधायक मूलचंद शर्मा की पीठ थपथपाते हुए कहा कि उन्होंने पन्ना प्रमुख सम्मेलन आयोजित कर सभी पन्ना प्रमुखों का जो मान सम्मान बढ़ाया है बहुत ही सराहनीय कार्य है।
उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा हर विधानसभा क्षेत्र में सम्मेलन आयोजित कर मोदी मनोहर सरकार की उपलब्धियों की जानकारी जन जन तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है श्री धनखड़ ने कहा कि आज भाजपा सेवा भाव की नीति से कार्य कर रही है उन्होंने कहा कि भाजपा राज में हर घर शौचालय, रसोई गैस, नल से जल, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम, तीन तलाक पर कानून, पंचायती राज संस्थाओं में बराबर की भागीदारी सहित ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने बल्लभगढ़ विधानसभा के पन्ना प्रमुख सम्मेलन के सफल आयोजन पर भी परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा को मंच से बधाई दी।


