faridabad: प्रदेश के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने शहर के प्रमुख 37 नालों की सफाई का संज्ञान लेते हुए नगर निगम व एफएमडीए से एक्शन रिपोर्ट तलब की। साथ ही साथ शुक्रवार सुबह हुई बारिश के कारण शहर में हुए जलभराव पर भी मंत्री ने संज्ञान लेते हुए एनएचपीसी अंडरपास में हुए जलभराव जैसी स्थिति दोबारा न होने के कड़े निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि हर सप्ताह अधिकारी रिव्यू करते हुए मानसून की तैयारियों का जायजा लें। रिव्यू के समय पंप की वर्किंग, संबंधित जगह की डिस्ल्टिंग जैसी स्थिति जांच लें। ये काम 30 मई तक हर हाल में पूरा करें। इसके बाद भी स्थिति जस की तस रहने पर विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। मंत्री ने कहा कि डिस्पोजल और अंडरपास में हॉट लाइन कनेक्शन सुनिश्चित करें।
डिफाल्टर को कार्य देने से अधिकारी परहेज करें : विपुल गोयल
निकाय मंत्री विपुल गोयल ने बरसात पूर्व तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि अधिकारी ऐसे प्वाइंट चिन्हित करें जहां बरसाती पानी एकत्रित होता है। इसके लिए किसी भी तरह का अतिक्रमण व अन्य अटकलें बेझिझक दूर करें। अतिक्रमण के लिए कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए ध्यान रखें कि यह जनहित में लाभकारी हो। उन्होंने एसी नगर स्थित नाले के मुद्दे पर बात करते हुए कहा कि ग्रेविटी के अनुसार नाले का फ्लो निश्ति किया जाए। जनहित को प्राथमिकता देते हुए सिवरेज की सफाई रात के समय सुनिश्चित करें। सभी कार्यों की वास्तविक रिपोर्ट के लिए कैमरा बेस्ड मॉनिटरिंग अपनाने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि वर्क अलॉटमेंट के दौरान ठेकेदार का बैकग्राउंड भी परखा जाना चाहिए। डिफाल्टर को कार्य देने से अधिकारी परहेज करें। जनहित इस सरकार का ध्येय है। इसे हर हाल में ध्यान रखना होगा। कैबिनेट मंत्री ने सीएंडडी वेस्ट, सेक्टर-12 में मल्टीलेवल पार्किंग, ग्रेटर फरीदाबाद में ग्रीन बेल्ट मेंटेनेंस व सीवरेज की सफाई के अलावा पार्क व कम्युनिटी सेंटर के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। उन्होंने ऊंचा गांव स्थित गौशाला में गोवंश की स्थिति पर भी संज्ञान लेते हुए इसकी मरम्मत के निर्देश नगर निगम अधिकारियों का जारी किए।
साथ ही मौजूदा गोवंश के मेवात स्थित संघेल गोशाला में शिफ्ट कर इस कार्य में तेजी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गोवंश को एस्ट्रा फोर्स लगाकर शिफ्ट करें ताकि गर्मी में परेशानी होने से रोका जा सके। उन्होंने निर्देश दिए कि बाईपास रोड के दोनों किनारों की साफ-सफाई विशेष अभियान के तहत करवाई जाए और ताकि जुलाई महीने में चिन्हित स्थानों पर बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया जाए। उन्होंने कहा कि जिला में स्थित समस्त पारंपरिक बाजारों को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर “मॉडर्न मार्केट” के रूप में विकसित करने की ओर ध्यान दें। इस संबंध में प्रत्येक बाजार के लिए एक समर्पित आधुनिक डिज़ाइन प्लान शीघ्र तैयार करने के निर्देश मंत्री ने दिए। बाजारों की अवस्थिति, भीड़-भाड़, यातायात और उपभोक्ता सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए उनका कायाकल्प सुनिश्चित किया जा सके।


