फरीदाबाद। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा और मजदूर संगठन सीआईटीयू हरियाणा ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर शनिवार को नगर निगम कांफ्रेंस हॉल में महिला सम्मेलन का आयोजन किया। सम्मेलन की अध्यक्षता आंगनबाड़ी वर्कर्स एंड हैल्पर्स यूनियन हरियाणा की जिला प्रधान देविद्री शर्मा, आशा वर्कर यूनियन की जिला प्रधान हेमलता, नगर पालिका कर्मचारी संघ से कमला,एमपीएचडब्ल्यू एसोसिएशन की प्रधान सविता, सर्व कर्मचारी संघ की जिला प्रधान करतार सिंह व सीटू के प्रधान निरंतर पाराशर ने संयुक्त रूप से की। सीटू की राज्य उप प्रधान सुधा द्वारा संचालित इस सम्मेलन में अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुभाष लांबा, सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री, जिला सचिव बलबीर सिंह बालगुहेर,रिटायर्ड कर्मचारी संघ हरियाणा की उप प्रधान आशा शर्मा, सीटू के सचिव वीरेंद्र डंगवाल, सामाजिक कार्यकर्ता हेमलता शर्मा आदि शामिल रहे।
सम्मेलन में गीत “टीटहरी” के अभद्र बोलों एवं नारी गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली प्रस्तुति के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने और कामकाजी महिलाओं का दस सुत्री मांगों का ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा गया। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने कहा कि महिलाओं को समानता और सम्मान दिए बिना विकसित राष्ट्र की कल्पना बेमानी होगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक क्षेत्र में महिलाओं ने अपने आप को साबित किया है। इसके बावजूद महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण के मामले को लटका रखा है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार की जननी और शोषण की पोषक ठेका प्रथा के तहत लगी महिला कर्मचारियों का ज्यादा शोषण हो रहा है। उन्होंने सभी ठेका कर्मचारियों को पक्का करने की मांग की। अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुभाष लांबा ने कहा कि महिलाओं ने काम के घंटे व वेतन एवं पुरुषों के साथ समानता की मांग को लेकर संधर्ष किया,तभी आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है।
उन्होंने कहा कि नव उदारवादी आर्थिक नीतियों के चलते महिलाओं का शोषण बढ़ रहा है। उन्होंने सरकार की नीतियों के खिलाफ और अपनी मांगों और हकों को लेकर महिलाओं से एकजुट होकर संधर्षों में बढ़-चढक़र शामिल होने का आह्वान किया। सीटू की राज्य उपाध्यक्ष सुधा ने कहा कि सरकार की सभी स्कीम वर्कर्स को सरकारी कर्मचारी का दर्जा और वेतन देकर सशक्त बनाने की घोषणा करनी चाहिए। रिटायर्ड कर्मचारी संघ हरियाणा की उप प्रधान आशा शर्मा ने कहा कि लंबे संधर्षों के बल पर हासिल की गई मांगों एवं सुविधाओं से सरकार छीनने में जुटी हुई है। सीटू के जिला सचिव वीरेंद्र डंगवाल ने कहा कि योन उत्पीडऩ,दहेज हत्याएं लगातार बढ़ रही है। लेबर कोड्स में महिलाओं को रात्रि ड्यूटी देने का फैसला कर दिया है। सम्मेलन को अन्य के अलावा सर्व कर्मचारी संघ फरीदाबाद ब्लाक की सचिव एवं बिजली यूनियन की नेता पूजा,नगर निगम से ललिता, स्वास्थ्य से जितेंद्र मोर, नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के जिला प्रधान दलीप बोहत आदि मौजूद थे


