फरीदाबाद। ग्रेटर फरीदाबाद सेक्टर-86 स्थित एकॉर्ड सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में शनिवार को ‘विश्व महिला दिवस’ के उपलक्ष्य में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम एकॉर्ड अस्पताल और ह्यूमन लीगल एड एंड क्राइम कंट्रोल संस्था के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में फरीदाबाद की मेयर श्रीमती प्रवीण बत्ता जोशी उपस्थित रहीं। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
महिलाओं को संबोधित करते हुए मेयर ने उनके साहस और बहुमुखी प्रतिभा की सराहना की। एक महिला में वह शक्ति है कि वह कुछ भी कर सकती है और सब कुछ हासिल कर सकती है। बस जरूरत है खुद पर विश्वास रखने की। मेयर प्रवीण बत्ता जोशी ने कहा कि समाज में अफवाहें और चुनौतियां हर कदम पर मिलती हैं, लेकिन एक नारी अपनी पीड़ा को छिपाकर परिवार की खुशी के लिए समर्पित रहती है। उन्होंने कहा, महिला कितनी भी तकलीफ में क्यों न हो, एक छोटे बच्चे की मुस्कान देखकर वह अपना सारा दर्द भूल जाती है। यही ममता और मातृत्व की असली ताकत है जो उसे हर मुश्किल से लडऩे का हौसला देती है। चिकित्सकों ने साझा किए विचार इस अवसर पर अस्पताल की वरिष्ठ स्किन रोग विशेषज्ञ डॉ. सोनाली गुप्ता और वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सबिता कुमारी ने महिलाओं के स्वास्थ्य और सशक्तिकरण पर अपने विचार रखे।
उन्होंने कहा कि आज की महिला घर और बाहर दोनों मोर्चों पर खुद को साबित कर रही है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में पूनम गुप्ता और अस्पताल की प्रवक्ता हेमा कुमारी की अहम भूमिका रही। कार्यक्रम में अस्पताल प्रबंधन द्वारा मुख्य अतिथि और अन्य विशिष्ट महिलाओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं के मानसिक और तंत्रिका स्वास्थ्य पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि महिलाएं परिवार की रीढ़ हैं। यदि वे मानसिक रूप से सशक्त और तनावमुक्त रहेंगी, तभी एक स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।


