फरीदाबाद, 08 मई। अग्रवाल महाविद्यालय बल्लभगढ़ के प्रागंण में महाविद्यालय की युवा रेडक्रॉस व सैंट जॉन एंबुलेंस बिग्रेड की इकाइयोँ के द्वारा रेडक्रॉस संस्थापक सर जीन हेनरी डयूनांट के जन्मदिन के अवसर पर विश्व रेडक्रॉस दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. कृष्ण कांत व रैडक्रॉस के समग्र समन्वयक डॉ. जयपाल सिंह, डॉ. के.एल. कौशिक, डॉ. राम चंद्र, डॉ0 रितु, डॉ0 देवेंद्र, श्रीमती पूजा, श्री सुभाष, श्री लवकेश आदि ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित किया। तत्पश्चात सर जीन हेनरी डयूनांट की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. जयपाल सिंह, यूथ रेडक्रॉस कोर्डिनेटर ने सर जीन हेनरी डयूनांट की जीवनी प्रस्तुत की। प्राचार्य जी ने भी सभी को उनके जीवन से प्रेरणा लेने व उनकी तरह समाज के कल्याण में अपनी विशेष भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया द्य उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की सहायता करना मानव का परम धर्म है। कार्यक्रम में प्राचार्य जी सभी को निस्वार्थ भाव से सेवा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा नर सेवा ही सही मायने में नारायण सेवा है।