पलवल / अतुल्य लोकतंत्र : हरियाणा के सहकारिता मंत्री डा. बनवारी लाल ने कहा कि जिला लोक संपर्क एवं परिवाद समिति की बैठक में जिन मामलों को निपटाने व जरूरी कार्यवाही करने के निर्देश दिए जाते हैं, उन पर संबंधित विभाग त्वरित कार्यवाही करें तथा प्रत्येक मीटिंग में इसकी एटीआर प्रस्तुत करे। अधिकारियों का कर्तव्य बनता है कि वे जन समस्याओं पर समयबद्ध कार्यवाही करें, ताकि लोगों को सरकार की योजनाओं का सीधा व सरलता से लाभ मिलना सुनिश्चित हो।
सहकारिता मंत्री सोमवार को लघु सचिवालय के सभागार में परिवाद समिति की मासिक बैठक में एजेंडे में शामिल परिवादों का निपटान कर रहे थे। इस बैठक में 14 में से 11 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया तथा शेष शिकायतों के संबंध में संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश देते हुए लंबित रख लिया गया।
गांव सहराला निवासी ललिता शर्मा की शिकायत थी कि उसे हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के पलवल में स्थित सेक्टर में प्लाट अलॉट हुआ था, लेकिन विभाग के अधिकारियों द्वारा उसे कई साल से कब्जा नहीं दिलाया गया है।
मंत्री ने शिकायत पर कार्यवाही करते हुए संबंधित अधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्यवाही करने तथा शिकायतकर्ता की शिकायत का समाधान करने के आदेश दिए। गांव लाडियाका निवासी गिर्राज प्रसाद की गांव में अवैध कब्जा व चौपाल के निर्माण में गबन संबंधी शिकायत पर मंत्री ने जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी को निर्देश दिए कि अवैध कब्जे वाले क्षेत्र की पंचायत से पैमाइश करवाई जाए। एसडीएम पलवल ने बताया कि इस मामले की जांच में गबन संबंधी आरोप निराधार पाए गए।
गांव दुर्गापुर निवासी जगदीश द्वारा बुढ़ापा पैंशन का लाभ दिलवाने बारे दी शिकायत पर मंत्री ने अतिरिक्त उपायुक्त को निर्देश दिए कि क्रिड के माध्यम से इनके परिवार पहचान-पत्र संबंधी डाटा की वैरीफिकेशन करवाने उपरांत आवश्यक कार्यवाही अमल में लाई जाए।
गांव बहीन तहसील हथीन निवासी विश्वमोहन की शिकायत थी कि परिवार के ही कुछ सदस्य उसके हिस्से की जमीन पर कब्जा कर उसके खेत के रास्ते को रोक रहे हैं। इस पर मंत्री ने उपमंडल अधिकारी (ना.) हथीन व तहसीलदार हथीन को निर्देश दिए कि शिकायतकर्ता के खेतों का रास्ता दिलवाने बारे उचित कार्यवाही अमल में लाई जाए। गांव कोंडल निवासी श्यामलाल की शिकायत थी कि बिजली विभाग द्वारा उसका 30 हजार रुपए का जबरदस्ती चालान किया गया, जिस पर मंत्री ने एसडीएम हथीन को इस मामले की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर विधायक दीपक मंगला, विधायक प्रवीण डागर, बीजेपी जिलाध्यक्ष चरण सिंह तेवतिया, जेजेपी जिलाध्यक्ष देवेंद्र सौरोत, उपायुक्त नेहा सिंह, पुलिस अधीक्षक डा. अंशु सिंगला, अतिरिक्त उपायुक्त साहिल गुप्ता, एसडीएम होडल रणवीर सिंह, एसडीएम पलवल शशि वसुंधरा, सीईओ जिला परिषद जितेंद्र कुमार, नगराधीश द्विजा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


