पलवल: चार लेबर कोड रद्द कराने व पहले से बने हुए श्रम क़ानूनों को सख़्ती से लागू कराने तथा कच्चे कर्मचारियों को पक्का कराने व पुरानी पैंशन की बहाली की मांग को लेकर देश की केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के संयुक्त आह्वान पर 20 मई को देशव्यापी हड़ताल करते हुए काम काज ठप्प किया जाएगा।हड़ताल की सफलता की तैयारियों को लेकर आज सीआईटीयू,सर्व कर्मचारी संघ,रिटायर्ड कर्मचारी संघ व किसान सभा की संयुक्त बैठक का आयोजन किया।सीआईटीयू की ज़िला प्रधान उर्मिला रावत कि अध्यक्षता में आयोजित बैठक में हड़ताल की सफलता के लिए टीमों का गठन किया गया जो पूरे ज़िले में वर्करों व कर्मचारियों से संपर्क करके हड़ताल में भाग लेने का आह्वान करेंगे।
बैठक में सीआईटीयू के ज़िला सचिव रमेशचंद,सर्व कर्मचारी संघ के ज़िला प्रधान राजेश शर्मा, सचिव योगेश शर्मा,कोषाध्यक्ष देवीसिंह सहजवार तथा किसान सभा के ज़िला प्रधान धर्मचंद सचिव दरियाबसिंह व रिटायर्ड कर्मचारी संघ के नेता ताराचन्द,आंगनवाड़ी यूनियन की प्रधान कृष्णा,आशा वर्कर यूनियन की अध्यक्ष जगबती डागर व मिड डे मील यूनियन की जिला प्रधान संतोष विशेष तौर पर उपस्थित थे।
बैठक में बोलते हुए यूनियन नेता उर्मिला रावत व योगेश शर्मा तथा धर्मचंद ने कहा किआज केन्द्र व प्रदेश सरकार आम जनता के अधिकारों पर हमला बोल रही है तथा बड़े पूँजीपतियों के हितों को ध्यान में रखकर नीतियाँ बनाई जा रही हैं।सरकार द्वारा बनाई जा रही जन विरोधी नीतियों के कारण मज़दूर व किसान बदहाली की मार झेल रहे हैं।देश के पूँजीपतियों के हित में 44 श्रम क़ानूनों को बदलकर 4 लेबर कोड बनाए गए हैं जिससे श्रमिकों का शोषण किया जा सके।देश व प्रदेश में बेरोज़गारी की भयावह स्थिति बन रही है तथा ऊपर से बेतहाशा बढ़ रही महंगाई ने आम जनता का जीवन दुर्लभ कर दिया है।जनता की एकता को तोड़ने के लिए तरह-2 के षड़यंत्र किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि जनता की मेहनत से खड़े किए गए सार्वजनिक क्षेत्र को कौड़ियों के भाव बेचा जा रहा है तथा मजदूरों की तमाम तरह की योजनाओं को ख़त्म किया जा रहा है।सरकारी विभागों में ख़ाली पड़े पदों को ना भरकर सरकार रोज़गार के अवसरों को खत्म कर रही है,कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों को कैशलैस सुविधा नहीं दी जा रही है।आठवें वेतन आयोग से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को आठवें वेतन आयोग से बाहर करने का षड्यंत्र किया जा रहा है।कोम्युटेशन पेंशन की रिकवरी 11 वर्ष की बजाय 15 वर्ष तक की जा रही है।
उन्होंने आह्वान किया की मजबूत आंदोलन खड़ा करके सरकार की जनविरोधी नीतियों और दमन का मुक़ाबला किया जाएगा।यूनियन नेताओं ने जिले के कर्मचारियों,मजदूरों व स्कीम वर्करों को 20 मई को होने वाली राष्ट्रव्यापी हड़ताल में शामिल होने का आह्वान किया।
बैठक में यूनियन नेता गीता देवी,सविता,आशा,अनिल कुमार,रूपराम तेवतिया,राकेश तंवर, अनिल कुमार, महावीर भाटी, तथा रामजीत राणा ने शामिल होकर अपने विचार व्यक्त किए।


