\पलवल। यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह ने बताया कि माननीय पुलिस महानिदेशक हरियाणा शत्रुजीत कपूर के आदेशानुसार एवं पुलिस महानिरीक्षक यातायात एवं हाईवे (हरियाणा) करनाल के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रदेश भर में सभी स्कूल, कॉलेज, आईटीआई इत्यादि में यातायात जागरूकता को लेकर सङक सुरक्षा क्विज कम्पटीशन करवाया जाएगा ।
वर्ष 2024 – 25 के सत्र में प्रदेश सरकार की पहल एवं पुलिस अधीक्षक पलवल चंद्र मोहन आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन एवं निर्देशन में सड़क सुरक्षा प्रतियोगिता को कराया जा रहा है। यह प्रतियोगिता पांच चरणों मे कराई जाएगी। जिसमें सभी सरकारी व गैर सरकारी स्कूल व कॉलेज के छात्र हिस्सा लेंगे। इस प्रतियोगिता में स्कूलों से कक्षा तीसरी से बाहरवीं तक के छात्र हिस्सा ले सकेंगे। पहले चरण में यह प्रतियोगिता स्कूल स्तर पर कराई जाएगी। दूसरे चरण में खण्ड स्तर, तीसरे चरण में जिला स्तर, चौथे चरण में रेंज स्तर और पांचवे चरण में प्रदेश स्तर पर कराई जाएगी।
इस प्रतियोगिता में अव्वल आने वाले छात्रों को प्रदेश सरकार द्वारा सम्मानित भी किया जाएगा। इसके अलावा जिला पुलिस की तरफ से सर्टिफिकेट भी दिया जाएगा। पहले राउंड में यह प्रतियोगिता 12 नवंबर 2024 को आयोजित होगी। इस संदर्भ में आज यातायात पुलिस द्वारा खंड शिक्षा अधिकारी के कार्यालय में अध्यापकों के साथ एक बैठक भी की गईं। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी अशोक बघेल भी मुख्य रूप से मौजूद रहे।
पुलिस अधीक्षक पलवल चंद्र मोहन ने कहा कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य बच्चों में शुरुआत से ही यातायात के नियमों के प्रति जागरुकता लाना एवं यातायात नियमो के प्रति छात्रों को ज्यादा से ज्यादा जागरूक करना है जिससे कि प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकेगी। उन्होंने छात्रों से अपील करते हुए कहा कि वह ज्यादा से ज्यादा इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले। साथ ही जिले के वाहन चालक से भी वाहन चलाते समय यातायात नियमो का पालन करने की अपील की है।


