Palwal / पुलिस प्रवक्ता कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार एसपी पलवल वरूण सिंगला, आईपीएस के कुशल नेतृत्व एवं निर्देशन में पलवल पुलिस लगातार अपराधियो पर शिकंजा कस रही है। इसी कड़ी मे सीआईए पलवल ने जानलेवा हमला मामले में दसवें आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
सीआईए पलवल प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार के अनुसार मामले में दिनांक 28 मार्च को शिकायतकर्ता लखनपाल ने दी शिकायत में बताया कि हम गांववासी शामलात देह की जमीन पर धरना प्रदर्शन कर रहे थे, जिस पर आर. सी. अग्रवाल नामक व्यक्ति ने राजस्व रिकॉर्ड में गलत तरीके से अपना नाम दर्ज करा लिया था। आरोप है कि अशोक पुत्र रघुवीर, आर. सी. अग्रवाल के कहने पर ट्रैक्टर से जमीन को जोतने के लिए आया था। जब धरना प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने उसे रोकने की कोशिश की, तो अशोक अपने परिवार और बाहरी बदमाशों को हथियार (देसी कट्टा, पिस्तौल, कुल्हाड़ी, हथौड़ा, लाठी-डंडा) लेकर मौके पर आ गया।
आरोपियों ने धरना दे रहे ग्रामीणों पर जान से मारने की नीयत से सीधा फायर किया और हवा में भी गोलियां चलाईं तथा हथौड़ों, सरियों से व डंडों तथा लात-घूंसों से मारपीट की। लखनपाल ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने जाते-जाते धमकी दी कि धरना प्रदर्शन खत्म कर दें, वरना जान से हाथ धोना पड़ेगा। इस वारदात में विपिन, विनोद, राहुल और मनोज घायल हो गए जिन्हे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल 9 आरोपियों सुभाष,अर्जुन उर्फ गजराज, डालचंद तथा यादराम उर्फ विक्की, राहुल, प्रकाश विहार पलवल निवासी विशेष तथा पांच हजार का इनामी आरोपी बलराम, पातली खुर्द गांव निवासी अशोक तथा श्रीपाल को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
प्रभारी सीआईए पलवल ने बताया कि अब उनकी टीम ने वारदात में शामिल दसवे आरोपी बबली उर्फ लवली निवासी गांव आमरू जिला पलवल को नियम अनुसार गिरफ्तार किया है जिसे पेश अदालत कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वारदात से जुड़े किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।


