हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने एक बार फिर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केजरीवाल आजकल अच्छा मॉडल पेश कर रहे हैं। वह जहां-जहां चुनाव हैं, वहां जाकर कह रहे हैं कि वह उस राज्य में दिल्ली मॉडल पेश करेंगे, जबकि दिल्ली के चार मंत्री जेल में हैं। वहां के कितने मंत्री अंदर होंगे क्योंकि दिल्ली का मॉडल तो यही है कि जेल के अंदर से सरकार चलाओ।
शराब घोटाले में अरविंद केजरीवाल को भी ईडी का नोटिस मिला है, इसी को लेकर आम आदमी के विधायकों ने कहा कि चाहे केजरीवाल को गिरफ्तार हो जाए, मगर वह मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा नहीं देंगे।
हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल द्वारा ED के नोटिस को राजनीतिक नोटिस कहने के आरोपों पर दो दिन पहले पलटवार किया था। विज ने कहा कि अरविंद केजरीवाल डर गए हैं, यदि वह सही होते तो ED पहुंचकर सवालों के जवाब देते।
विज ने कहा कि वह (केजरीवाल) डर गए हैं, इसलिए ऐसे तरीके अपना रहे हैं। आम आदमी पार्टी जब से सत्ता में आई है, इन्होंने किसी भी संवैधानिक संस्था को माना नहीं है और हमेशा इसका विरोध किया है।

