पलवल। पलवल में भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष की घोषणा विधिवत रूप से हो गई। इस अवसर पर मंच का संचालन पूर्व में महामंत्री रहे सतीश बैसला ने किया और मुख्य रूप से संगठन चुनाव के प्रभारी रहे भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता बिजेंदर नेहरा ने विपिन बैसला के नाम की घोषणा की। उन्होंने बताया कि पार्टी में 54 लोगों ने अपना नामांकन दाखिल किया।
सर्वसम्मति से 53 भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपना नामांकन वापस लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के दिशा निर्देश और फैसले पर मोहर लगाई। पूर्व जिला अध्यक्ष चरण सिंह तेवतिया ने अपने कार्यकाल में भारतीय जनता पार्टी रीती नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने का काम किया।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर नवनियुक्त जिला अध्यक्ष विपिन बैसला को फूलमाला पहनाकर और मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं प्रेषित की। वहीं नवनियुक्त जिला अध्यक्ष ने भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व सहित हरियाणा के माननीय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली केंद्रीय मंत्री व फरीदाबाद से लोकसभा सांसद कृष्णपाल गुर्जर और हरियाणा सरकार में खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी दी है, उसे निष्ठापूर्वक निभाएंगे और नए कार्यकर्ताओं को जोड़कर भारतीय जनता पार्टी को मजबूत दिशा में ले जाने का काम करेंगे। इस अवसर पर पलवल मंडल अध्यक्ष देवेंद्र गुप्ता, पलवल शहरी मंडल 2 अध्यक्ष ओमवीर खंडिया, पार्षद प्रतिनिधि भक्ति शर्मा, पूर्व पार्षद इंद्रपाल शर्मा भाजपा जिला मोर्चा के प्रदेश सचिव दिव्यांशु गोड़, पूर्व मंडल अध्यक्ष दिनेश शर्मा सहित भाजपा के कार्यकर्ता मौजूद रहे।


