बिहार के कैमूर में शनिवार को बड़ी संख्या में महिलाएं खाता खुलवाने सीएसपी (ग्राहक सेवा केंद्र) सेंटर पहुंच गईं। जब उनसे इसका कारण पूछा गया तो महिलाओं ने कहा कि उन्हें बताया गया कि अकाउंट में एक लाख रुपए दिए जा रहे हैं, इसलिए हम लोग भी अकाउंट खुलवाने पहुंचे हैं।
दरअसल कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चुनाव के दौरान सभाओं में कहा था कि भाजपा वाले 22 अरबपति बना रहे हैं। हम करोड़ों लखपति बनाएंगे। हर परिवार से एक महिला चुनी जाएगी। उन करोड़ों महिलाओं के खाते में एक लाख रुपए भेजे जाएंगे। यानी महीने 8,500 रुपया खाते में खटाखट-खटाखट जाएगा।
मोहनिया प्रखंड स्थित बैंक के सीएसपी सेंटर पर खाता खुलवाने कई महिलाएं एक साथ पहुंच गईं। महिलाओं की भारी भीड़ को देख पुलिस पहुंची। पुलिस ने महिलाओं को बड़ी मुश्किल से समझा कर घर भेजा। इस दौरान कई महिलाएं जाने से साफ मना कर रही थी।
पैसे मिलने की चाहत लिए रामगढ़ से आई रामनानी देवी ने कहा कि वह खाता खुलवाने आई हैं। दूसरी महिलाओं ने उन्हें बताया कि अकाउंट में एक लाख रुपया मिलेगा, इसलिए हम आए हैं। सरकार सभी को पैसे दे रही है।
BDO ने अफवाह बताकर महिलाओं को घर भेजा
मोहनिया बीडीओ संजय दास ने कहा कि किसी ने अफवाह फैला दी है कि खाता खुलवाने पर उसमें एक लाख रुपए मिलेंगे। इसके बाद जिले भर से महिलाएं यहां आ रही थी। इनको समझा दिया गया है कि ऐसी कोई बात नहीं है। इस भीषण गर्मी में घर परेशान होने की कोई जरूरत नहीं है।अफवाह के कारण कोई सीएसपी ना पहुंचे।


