एअर इंडिया की 3 इंटरनेशनल फ्लाइट मंगलवार को रद्द कर दी गईं। इनमें अहमदाबाद-लंदन के अलावा, दिल्ली-पेरिस, लंदन-अमृतसर फ्लाइट शामिल हैं। इसके अलावा सैन फ्रैंसिस्को से मुंबई आ रही फ्लाइट के पैसेंजर्स को कोलकाता एयरपोर्ट पर उतारा गया।
अहमदाबाद में 12 जून को AI-171 फ्लाइट क्रैश हुई थी। इसकी जगह अहमदाबाद से लंदन के लिए नई फ्लाइट AI-159 शुरू की गई है। यह फ्लाइट मंगलवार को लगातार दूसरी बार रद्द की गई। फ्लाइट को दोपहर 1.10 बजे उड़ान भरना था, लेकिन टेकऑफ से कुछ घंटे पहले तकनीकी खामी की बात कही गई। 16 जून को भी यह फ्लाइट रद्द की गई थी।
दिल्ली से पेरिस जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट AI142 भी टेक्निकल परेशानी के बाद रद्द की गई, जो उड़ान से पहले जांच के दौरान सामने आई। इसके अलावा लंदन से अमृतसर आ रही फ्लाइट को भी तकनीकी दिक्कतों के चलते रद्द किया गया।
उधर, सैन फ्रांसिस्को से मुंबई जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI-180 में सोमवार रात को तकनीकी खराबी आ गई। इसके चलते यात्रियों को मंगलवार सुबह कोलकाता एयरपोर्ट पर प्लेन से उतारना पड़ा।
एअर इंडिया की सफाई- विमानों की कमी से फ्लाइट कैंसिल हुई
एअर इंडिया ने सफाई दी है कि अहमदाबाद से लंदन के गैटविक की फ्लाइट AI159 को एयरक्राफ्ट की कमी के चलते रद्द किया गया है, न कि तकनीकी खामी की वजह से। एयर स्पेस प्रतिबंधित होने और अतिरिक्त जांच के चलते एयरक्राफ्ट्स को अपने डेस्टिनेशन तक पहुंचने में ज्यादा वक्त लग रहा है।
एअर इंडिया ने कहा कि आज की फ्लाइट कैंसिल होने से पैसेंजर्स को जो परेशानी हुई है, उसका हमें खेद है। हमने सभी यात्रियों के लिए उड़ान की दूसरी व्यवस्था कर दी है। साथ ही हम उनके होटल में रुकने की व्यवस्था भी कर रहे हैं। अगर कोई यात्री टिकट कैंसिल कराना चाहता है, तो हम पूरा पैसा रिफंड करेंगे। अगर कोई अपनी फ्लाइट रिशेड्यूल कराना चाहता है, तो हम वो भी करेंगे।
इसके साथ ही एअर इंडिया ने बताया कि लंदन से अहमदाबाद के रास्ते अमृतसर जाने वाली फ्लाइट संख्या AI170 भी आज कैंसिल रहेगी।
एअर इंडिया ने अहमदाबाद-लंदन फ्लाइट का नाम बदला
प्लेन क्रैश के बाद एअर इंडिया ने अहमदाबाद-लंदन फ्लाइट का नंबर बदलने का फैसला किया है। अब यह AI-159 होगा। वापसी की उड़ान का भी नंबर बदलकर AI-160 किया जाएगा। पहले इस फ्लाइट का नंबर AI-171 था।
इससे पहले 2014 में किसी एयरलाइन ने अपनी उड़ान संख्या बदली थी। मलेशियन एयरलाइंस की कुआलालंपुर से बीजिंग जा रही उड़ान MH370 के लापता हो जाने के बाद उस रूट की फ्लाइट संख्या को बदलकर MH318 कर दिया गया था।

