पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर में एक चार साल की बच्ची से रेप का मामला सामने आया है। घटना शनिवार की है। बच्ची रेलवे शेड में अपनी दादी के पास सो रही थी, तभी आरोपी उसे मच्छरदानी काटकर उठा ले गए।
आरोपियों ने बच्ची से दुष्कर्म के बाद उसे नाली में फेंक दिया था। जब बच्ची नहीं मिली तो परिजन ने उसकी खोजबीन शुरू की। मासूम नाली के पास खून से लथपथ बेहोशी की हालत में मिली। उसके गालों पर दांतों से काटने के निशान भी थे।
बंजारा समुदाय की बच्ची को पहले लोकल हॉस्पिटल ले जाया गया। बाद में चंदननगर सब-डिवीजन हॉस्पिटल में रेफर कर दिया गया। उसकी हालत गंभीर बताई गई है। पुलिस ने बताया मामले की जांच जारी है।
विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि तारकेश्वर पुलिस शुरू में इस घटना पर प्राथमिकी दर्ज करने में आनाकानी कर रही थी। X पर एक पोस्ट में अधिकारी ने पुलिस पर राज्य की नकली कानून-व्यवस्था की इमेज बचाने की सच्चाई छिपाकर अपराध को दबाने का आरोप लगाया।
उन्होंने पोस्ट में लिखा- “ममता बनर्जी, आप एक असफल मुख्यमंत्री हैं। आपके शासन में पश्चिम बंगाल की कानून-व्यवस्था चरमरा गई है।”
पीड़ित बच्ची की दादी ने बताया कि उन्हें सुबह 4 बजे तक पता ही नहीं चला कि बच्ची को कोई उठा ले गया है। जब वह मिली तो उसके शरीर पर कपड़े नहीं थे। महिला ने बताया कि हम सड़कों पर रहते हैं क्योंकि उन्होंने हमारे घर तोड़ दिए हैं। हम कहां जाएं। हमारे पास कोई घर नहीं है।
दरअसल, यह परिवार तारकेश्वर रेलवे स्टेशन के पास बने शेड में रह रहा है। आरोपी बच्ची को वहीं से उठाकर ले गए थे। शनिवार दोपहर को वह तारकेश्वर रेलवे हाई ड्रेन के पास खून से लथपथ मिली।
पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में MBBS स्टूडेंट से गैंगरेप केस में पुलिस ने बताया था कि गिरफ्तार 6 आरोपियों में से एक पीड़ित का बॉयफ्रेंड है। दोनों रिलेशन में थे, 10 अक्टूबर को जब स्टूडेंट के साथ रेप हुआ, तो वह बॉयफ्रेंड के साथ ही कॉलेज कैंपस से बाहर गई थी। जिस आरोपी को सबसे आखिरी में अरेस्ट किया गया। वह पीड़ित का क्लासमेट है और वे घटना वाली रात डेट पर बाहर गए थे। दोनों के रिलेशनशिप का खुलासा उनकी वॉट्सएप चैट से भी हुआ।

