कर्नाटक में बजरंग दल नेता और 2022 के फाजिल हत्याकांड के मुख्य आरोपी सुहास शेट्टी की हत्या मामले में 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें अब्दुल सफवान, नियाज, मोहम्मद मुजम्मिल, खालंदर शफी, आदिल मेहरूफ, नागराज, रंजीत और रिजवान शामिल हैं। भाजपा ने मामले की जांच NIA को सौंपने की मांग की है।
मंगलुरु में 1 मई को सुहास शेट्टी की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद से ही इलाके में तनाव का मौहाल है। इसी वजह से शहर में 6 मई तक कर्फ्यू लगा दिया गया है।
उधर, कर्नाटक सरकार ने बढ़ती साम्प्रदायिक घटनाओं पर रोक लगाने के लिए ‘एंटी-कम्यूनल टास्क फोर्स’ बनाने का फैसला किया है। गृह मंत्री डॉ. जी. परमेश्वर ने कहा कि यह खास तौर पर दक्षिण कन्नड़ और उडुपी जिले में काम करेगी। यह फोर्स भड़काऊ बयान देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।
भाजपा बोली- कर्नाटक में कानून व्यवस्था फेल
भाजपा विधायक भरत शेट्टी ने सुहास शेट्टी की हत्या पर कहा- कर्नाटक में कानून व्यवस्था पूरी तरह से फेल हो चुकी है। सरकार ने असामाजिक और जिहादी ताकतों को बढ़ावा दिया है। इसी वजह से कुछ असामाजिक तत्व इस तरह की घटना को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस का ध्यान कानून व्यवस्था संभालने के बजाय तबादलों और निलंबनों में लगा हुआ है।
उन्होंने आगे कहा कि सरकार को भाजपा कार्यकर्ताओं को जेल में डालने में ज्यादा दिलचस्पी है। सुहास का मारा जाना उनके परिवार और पूरे हिंदू समाज के लिए बहुत बड़ा नुकसान है।

