कफ सिरप से मध्यप्रदेश और राजस्थान में 12 बच्चों की मौत के बाद दो में राज्यों में दवाएं बैन कर दी गई हैं। एमपी में शनिवार को कोल्ड्रिफ (Coldrif) सिरप बेचने पर रोक लगा दी।
उधर, राजस्थान में डेक्सट्रोमेथोरपन हाइड्रोब्रोमाइड कफ सिरप और उसे बनाने वाली कंपनी केसंस फॉर्मा को भी प्रतिबंधित कर दिया गया। इस कंपनी का प्लांट जयपुर में है।
कोल्ड्रिफ (Coldrif) दवा की मैन्युफैक्चिरंग तमिलनाडु के कांचीपुरम में हो रही थी। बच्चों की मौत के बाद तमिलनाडु सरकार ने गुरुवार को उत्पादन और बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया था। राज्य में इस दवा के थोक और रिटेल स्टॉक को सीज कर दिया गया है।
एमपी के छिंदवाड़ा में कप सिरप पीने से 10 बच्चों की मौत हुई। पहला संदिग्ध मामला 24 अगस्त को सामने आया था। पहली मौत 7 सितंबर को हुई थी। इसके बाद 15 दिन में किडनी फेल होने से एक-एक कर 6 बच्चों की मौत हो गई।
इनकी किडनी के स्वैब सैंपल लिए गए। इसकी जांच में डायएथिलीन ग्लाइकॉल दूषित पाया गया।
छिंदवाड़ा मेडिकल कॉलेज डॉ. पवन नांदुलकर शिशु रोग विशेषज्ञ ने बताया कि एक कफ सिरप 80% बच्चों में कॉमन है। प्रारंभिक जांच में कफ सिरप में गड़बड़ी की ही बात सामने आ रही है। इसके बाद 2 अक्टूबर को 2 और बच्चों ने दम तोड़ा।
मध्य प्रदेश के अफसरों का दावा है कि यहां लिए गए 13 सैंपलों की जांच में तीन सिरप के सैंपल पास हो गए हैं।
राजस्थान में कप सिरप पीने से भरतपुर और सीकर में एक-एक मौतें सामने आईं। शुरुआती जांच में Dextromethorphan hydrobromide syrup ip का नाम सामने आया। यह दवाई एक निजी फार्मा कंपनी कैसंस फार्मा तैयार करती है। यहां भी बच्चों की मौत की वजह किडनी फेल होने की बात बताई गई।
इसके बाद शनिवार को सरकार एक्शन में आई। राजस्थान सरकार ने कैसंस फार्मा की सभी 19 प्रकार की दवाइयों पर रोक लगा दी है। राज्य के ड्रग कंट्रोलर राजाराम शर्मा को निलंबित कर दिया।
एमपी के ड्रग कंट्रोलर दिनेश मौर्या ने बताया था कि स्वास्थ्य विभाग ने दोनों कफ सिरप (coldrif व Nextro DS) का प्रोडक्शन रुकवाने तमिलनाडु और हिमाचल को पत्र लिखा है।
तमिलनाडु सरकार ने मप्र की ओर से पत्र मिलते ही 24 घंटे के भीतर कोल्ड्रिफ सिरप (बैच नंबर SR-13) का सैंपल लेकर जांच कराई। इसमें डाईएथिलीन ग्लाइकॉल (DEG) 48.6% मिला, जो एक विषैला पदार्थ है। यह स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। इसके तुरंत बाद पूरे तमिलनाडु में इसके उत्पादन और बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया गया।

