जयपुर से उड़ान भरने वाली एअर इंडिया एक्सप्रेस फ्लाइट की उत्तर प्रदेश के अयोध्या एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की गई है। इस फ्लाइट में बम की सूचना मिली थी। फ्लाइट में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इसमें 139 यात्री सवार थे, उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक, जयपुर से उड़ान भरने के बाद मैसेज मिला कि विमान में बम है। अयोध्या में लैंड होने के बाद CISF के जवानों ने विमान को अपने कब्जे में ले लिया। अभी विमान के अंदर चेकिंग चल रही है।
फ्लाइट ने जयपुर से 10 मिनट लेट उड़ान भरी
इस फ्लाइट में सफर करने वाले जयपुर के अभिषेक ने दैनिक भास्कर को बताया कि एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट में 139 यात्री सफर कर रहे थे। उड़ान 12.25 बजे की थी, लेकिन 10 मिनट देरी से उड़ सकी।
हम लोग अयोध्या में करीब 2 बजे लैंड हुए। इसके बाद करीब 30 मिनट तक नीचे नहीं उतरने दिया गया। हमें अंदर ही बैठाए रखा गया। हम लोगों को समझ नहीं आ रहा था कि आखिर हुआ क्या है। क्रू स्टाफ ज्यादा कुछ बताने की स्थिति में नहीं था। नॉर्मल अनाउंसमेंट में हमें सीट पर बैठे रहने के लिए कहा जा रहा था।
इस फ्लाइट में 70% यात्री 50 साल से ज्यादा की उम्र थे। उन्हें अंदर बैठे-बैठे घुटन महसूस होने लगी थी। इसको लेकर यात्रियों ने शिकायत करनी शुरू कर दी।
CISF के जवानों ने फ्लाइट को घेरा
अभिषेक ने बताया- कुछ देर बाद CISF के जवानों ने हमारी फ्लाइट को घेर लिया। कुछ जवान अंदर आए और हमें कतार में नीचे उतारा गया। हमारा सामान फ्लाइट के अंदर ही छोड़ दिया गया। हमें करीब 200 मीटर दूर हवाई पट्टी पर ही बैठा दिया गया। लोग टर्मिनल की तरफ जाना चाहते थे, लेकिन उन्हें रोक दिया गया। 3.30 घंटे से यात्री वहीं पर मौजूद हैं।
यात्री डरे हुए थे, कुछ की तलाशी ली गई
पैसेंजर अभिषेक ने बताया- इस फ्लाइट में सफर कर रही महिलाओं, बच्चों और बुजुर्ग डरे हुए थे। उन्हें घर भी जाने नहीं दिया जा रहा था। अथॉरिटी के लोग भी कुछ नहीं बता रहे थे। जवानों ने उन्हें पहले 3-3 फीट की दूरी पर खड़ा कर दिया। कुछ लोगों की तलाशी भी हुई।
धूप ज्यादा थी, इस पर लोगों को दीवार के सहारे जमीन पर ही बैठा दिया गया। हमें विमान भी दिख रहा था, वहां सर्च ऑपरेशन चलाने वाली टीम फ्लाइट की जांच कर रही है।
एयरपोर्ट के एमडी विनोद कुमार ने कहा- हमारे स्टाफ को एक मैसेज मिला, जिसमें बम होने की सूचना थी। फ्लाइट को आइसोलेट किया गया है। पैसेंजर और कार्गो की चेकिंग जारी है, लेकिन अभी तक बम नहीं मिला है।
14 अक्टूबर को 3 फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी
14 अक्टूबर को मुंबई से उड़ने वाली तीन फ्लाइट में बम होने की धमकी दी गई थी। पहली फ्लाइट मुंबई से न्यूयॉर्क जा रही एअर इंडिया की थी। सूचना मिलते ही विमान को दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट पर डायवर्ट किया गया।
दूसरी इंडिगो की 6E-1275 थी, जो मुंबई से मस्कट जाने वाली थी। तीसरी फ्लाइट इंडिगो की 6E 56 थी, जो मुंबई से जेद्दाह जाने वाली थी। इससे पहले 9 अक्टूबर को लंदन से दिल्ली आ रही विस्तारा की फ्लाइट UK18 में बम की सूचना थी।

