फरीदाबाद । सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार बार काउंसिल ऑफ पंजाब एवं हरियाणा के चुनाव आगामी 18 मार्च, 2026 को प्रातः 09:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक हरियाणा राज्य में आयोजित किए जाएंगे। यह जानकारी देते हुए उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा की अध्यक्षता में बार काउंसिल चुनाव से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि चुनाव के लिए बड़खल एसडीएम त्रिलोक चंद को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
बैठक में संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस विभाग, चुनाव शाखा तथा बार एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
डीसी आयुष सिन्हा ने निर्देश दिए गए कि चुनाव प्रक्रिया निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जाए। मतदान केंद्रों के निर्धारण, सुरक्षा व्यवस्था, पोलिंग मटेरियल की प्राप्ति, स्ट्रांग रूम की व्यवस्था, वीडियोग्राफी, सीसीटीवी, प्रवेश-निकास व्यवस्था तथा मतदाताओं की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए विस्तृत योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। चुनाव के लिए कुल 7 मतदान बूथ बनाए जाएंगे, जिनमें से 4 बूथ मुख्य परिसर के दो हॉल में तथा 3 बूथ टैक्सेशन कार्यालय परिसर में स्थापित किया जाएगा। दोनों हॉल में अलग-अलग प्रवेश एवं निकास द्वार सुनिश्चित किए जाएंगे ताकि मतदान के दौरान भीड़भाड़ न हो।
डीसी आयुष सिन्हा ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि मतदान स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए तथा सभी हॉल में सीसीटीवी कैमरे एवं वीडियोग्राफी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मतदान सामग्री निर्धारित तिथि को प्राप्त कर सुरक्षित रूप से स्ट्रांग रूम में रखी जाएगी, जहां निरंतर निगरानी रखी जाएगी।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए गए कि सेनेटाइजेशन, पेयजल, प्रकाश, शौचालय, बैरिकेडिंग तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं समय से पहले सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए। उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। मतदाताओं को पहचान के लिए निर्धारित वैध फोटो पहचान पत्र का मूल दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य होगा तथा मतदान कक्ष के अंदर मोबाइल फोन ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
डीसी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे मतदान से पूर्व स्थल का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करें तथा किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर तत्काल सुधार किया जाए, ताकि चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
समीक्षा बैठक में एसडीएम बड़खल त्रिलोक चंद, सीटीएम अंकित कुमार, डीडीपीओ प्रामिन्दर, डीआईपीआरओ मूर्ति दलाल सहित अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।


