मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब सहित कई राज्यों में शीतलहर चल रही है। राजस्थान के 9 शहरों और मध्य प्रदेश के 8 शहरों में बुधवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया। भोपाल में लगातार पांचवें दिन रात का पारा 8 डिग्री दर्ज किया गया।
हरियाणा के 7 शहरों में तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया है। नारनौल में सबसे कम तापमान 7.7 डिग्री रहा। दिल्ली में 10.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.1 डिग्री कम था। दिल्ली और हरियाणा में लोगों को सर्दी के साथ जहरीली हवा का भी सामना करना पड़ रहा है।
दोनों राज्यों के 13 शहरों में AQI 400 के पार पहुंच गया है। हरियाणा का जींद 418 AQI के साथ सबसे ज्यादा प्रदूषित शहर रहा। दिल्ली के बवाना में AQI 451 और चांदनी चौक में AQI 449 दर्ज किया गया। सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को कहा कि दिल्ली में प्रदूषण स्थिति बेहद गंभीर है, मास्क भी पर्याप्त नहीं है।
इंडिया गेट और कर्तव्य पथ के आसपास का इलाका जहरीली धुंध की घनी चादर में लिपटा हुआ नजर आया। लुटियन जोन के इंडिया गेट के पास AQI 408 दर्ज किया गया। धुंध की परतें इतनी गहरी थीं कि इंडिया गेट कहीं छिप सा गया था।
मध्य प्रदेश में भोपाल, इंदौर सहित 13 जिलों में गुरुवार से अगले 3 दिन शीतलहर चलने की संभावना है। भोपाल संभाग और मालवा के साथ अब मंडला, बालाघाट, रीवा समेत प्रदेश के पूर्वी हिस्से में भी तीन दिन कड़ाके की ठंड पड़ सकती है। अनूपपुर और बालाघाट में पिछले 2 दिन से कोल्ड डे की स्थिति है। भोपाल लगातार पांच दिन प्रदेश के इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी से भी ठंडा रहा।राजस्थान में बर्फीली हवाओं के चलते सर्दी बढ़ गई है। राज्य में अगले चार दिनों तक शीतलहर जारी रहने की संभावना है। बुधवार को 9 शहरों में तापमान 10 डिग्री से कम दर्ज किया गया। सीकर के फतेहपुर में सबसे कम पारा 8.8 डिग्री रहा। झुंझुनूं में भी शीतलहर का प्रभाव शुरू हो गया। झुंझुनूं और उसके आसपास के एरिया में सुबह-शाम कोल्ड-वेव चलनी शुरू हो गई।


