जम्मू-कश्मीर के पूर्व CM और डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी (DPAP) चेयरमैन गुलाम नबी आजाद ने कांग्रेस में चल रही उथल-पुथल को लेकर बयान दिया है। उन्होंने बुधवार (14 फरवरी) को जम्मू-कश्मीर के पुंछ में कहा कि कुछ लोगों की कमजोरियों और अहंकार के कारण सबसे पुरानी पार्टी खत्म हो रही है।
उन्होंने आगे कहा- महाराष्ट्र के पूर्व CM अशोक चव्हाण का कांग्रेस से बाहर जाना पार्टी के लिए बड़ा झटका है। उनका कांग्रेस में महत्वपूर्ण योगदान है। उनके पिता भी कांग्रेस के बड़े नेता थे और केंद्रीय मंत्री भी थे। मेरे पास जो जानकारी है, उसके मुताबिक आने वाले समय में और भी लोग पार्टी छोड़ेंगे।
आजाद ने कहा- मेरा राजनीतिक करियर कांग्रेस के साथ शुरू हुआ। मैं वहीं से लोकसभा सदस्य था। मैं पहली बार महाराष्ट्र से ही राज्यसभा भी गया। भारत में केवल एक ही राज्य यानी महाराष्ट्र है, जहां कांग्रेस को पुनर्जीवित किया जा सकता है। UP और बंगाल जैसे बड़े राज्यों में कांग्रेस खत्म हो गई है।
इससे पहले 10 फरवरी को गुलाम नबी आजाद ने कहा था कि लोकसभा चुनाव में भाजपा 400 सीट का आंकड़ा पार करती है तो इसके जिम्मेदार I.N.D.I.A के वो नेता होंगे जो गठबंधन का नेतृत्व कर रहे हैं।
उन्होंने कहा- मैं न तो कांग्रेस के करीब हूं और न ही भाजपा के। अगर भाजपा कुछ भी गलत कर रही है तो मैं उनकी आलोचना करने वाला पहला व्यक्ति हूं। इसी तरह कांग्रेस कुछ भी सही कर रही है तो मैं उनकी तारीफ करता हूं।


