एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) ने बुधवार (14 फरवरी) को राजनीतिक दलों को मिलने वाले डोनेशन की रिपोर्ट जारी की है। इसके मुताबिक, फाइनेंशियल ईयर 2022-23 में BJP को लगभग 720 करोड़ रुपए डोनेशन मिले हैं।
भाजपा को मिली रकम कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (AAP), कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) (CPI-M) और नेशनल पीपुल्स पार्टी (NPP) को मिले डोनेशन से पांच गुना अधिक है।
फाइनेंशियल ईयर में 20 हजार से अधिक का डोनेशन मिलने पर रजिस्टर्ड पॉलिटिकल पार्टियों को खुलासा करना होता है।
2022-23 में नेशनल पार्टियों को कुल 850.43 करोड़ रुपए डोनेशन में मिले हैं।ADR के मुताबिक, कुल डोनेशन में कांग्रेस ने सिर्फ 79.92 करोड़ रुपए मिलने की घोषणा की है। कुल 12 हजार 167 डोनेशन में भाजपा को 7,945 और कांग्रेस को 894 डोनेशन से ये रकम हासिल हुई है।
देश की छठी राष्ट्रीय पार्टी बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने घोषणा की है कि उसे 2022-23 के दौरान 20 हजार रुपए से अधिक का कोई चंदा नहीं मिला। बीते 17 साल से BSP यही घोषणा करती आ रही है।
ADR ने बताया है कि दिल्ली से नेशनल पार्टियों को कुल 276.20 करोड़ रुपए का डोनेशन मिला। इसके बाद गुजरात से 160.50 करोड़ रुपए और महाराष्ट्र से 96.273 करोड़ रुपए का चंदा मिला।