सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) ने अपने AI एप Grok पर बनाए जा रहे अश्लील कंटेंट को लेकर सख्त नियम बनाए हैं। कंपनी ने कहा है कि ऐसे कंटेंट को तुरंत हटाया जाएगा।
साथ ही अगर कोई यूजर Grok का इस्तेमाल करके आपत्तिजनक कंटेंट बनाता है तो उसके खिलाफ वही कार्रवाई होगी, जो सीधे अवैध कंटेंट अपलोड करने पर होती है। यानी कि यूजर्स का अकाउंटर हमेशा के लिए बैन कर दिया जाएगा।
X ने भारत सरकार की तरफ से आपत्ति जताए जाने के तीन दिन बाद नए नियम बनाए हैं। केंद्र सरकार ने 2 जनवरी को X से कहा था कि वह AI एप Grok से बनाई जा रही अश्लील, फूहड़ कंटेंट को तुरंत हटाए, नहीं तो कानून कार्रवाई की जाएगी।
दरअसल, शिवसेना (UBT) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने शुक्रवार को AI चैटबोट Grok के गलत इस्तेमाल पर चिंता जताई थी। उन्होंने आईटी मिनिस्टर को लेटर लिखा था। इसमें कहा था कि कुछ लोग AI की मदद से महिलाओं की असली तस्वीरों को आपत्तिजनक रूप में बदल रहे हैं, जो बेहद गंभीर मामला है।
इससे पहले X के मालिक इलॉन मस्क ने शनिवार को कहा था कि कुछ लोग कह रहे हैं कि Grok आपत्तिजनक तस्वीरें बना रहा है, लेकिन यह ऐसे है जैसे किसी बुरी बात को लिखने के लिए पेन को दोष देना। कलम यह तय नहीं करती कि क्या लिखा जाएगा। यह काम उसे पकड़ने वाला करता है।
मस्क ने कहा कि Grok भी उसी तरह काम करता है। आपको क्या मिलेगा, यह काफी हद तक इस बात पर निर्भर करता है कि आप उसमें क्या इनपुट देते हैं। क्योंकि जिम्मेदारी टूल की नहीं, उसे इस्तेमाल करने वाले व्यक्ति की होती है।
दरअसल कुछ यूजर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर फर्जी अकाउंट बनाते हैं। इन अकाउंट्स से वे महिलाओं की तस्वीरें पोस्ट करते हैं। इसके बाद Grok AI को प्रॉम्प्ट दिया जाता है कि महिलाओं की फोटो को गलत और आपत्तिजनक रूप में दिखाया जाए।
AI से कपड़े बदलने या तस्वीर को सेक्शुअल अंदाज में पेश करने जैसी प्रॉम्प्ट दिए जाते हैं। इन तस्वीरों के लिए महिलाओं से कोई अनुमति नहीं ली जाती। कई बार वे महिलाएं खुद भी नहीं जानतीं कि उनकी तस्वीरों का ऐसा इस्तेमाल हो रहा है। आरोप है कि Grok इस तरह की गलत मांगों को रोकने के बजाय उन्हें स्वीकार कर लेता है।


