मंडी सांसद कंगना रनोट ने हिमाचल प्रदेश में आई आपदा पर अजीबोगरीब बयान दिया है। कंगना ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर बताया कि उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों के विधायकों और डीसी से बात की, उन्होंने मुझे विभिन्न स्थानों पर रेड और ऑरेंज अलर्ट के कारण हिमाचल की यात्रा न करने की सलाह दी।
कंगना के इस बयान पर सोशल मीडिया पर लोग तीखी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। मंडी संसदीय क्षेत्र के निवासी अशोक नेगी ने लिखा कि सांसद कंगना जी, आप जनता की सांसद हैं। आपको अपनी जान जोखिम में डालकर भी जनता के दर्द में आना चाहिए। अगर आप नहीं आ सकतीं तो भारत सरकार से कहिए कि पिछली आपदा का पैसा ही दे दें।
बड़ी बात यह है कि बुधवार रात को जो आपदा आई है और 53 से ज्यादा लापता हुए हैं, वह सभी मंडी संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आते है, जहां से कंगना रनोट सांसद है।
विक्रमादित्य ने चंबा दौरा रद्द किया
दूसरी ओर, 3 दिवसीय चंबा दौरे पर गए लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने अपना कार्यक्रम रद्द कर दिया है। विक्रमादित्य दौरा रद्द कर कल शाम चंबा से शिमला लौट आए हैं।
कंगना ने मीडिया को दिए इंटरव्यू में कहा कि वह लोगों से मिलना चाहती थीं, उनका दर्द बांटना चाहती थीं। हमें बताया गया कि हालात ठीक नहीं हैं और बादल फटने की घटनाएं और हो सकती हैं। इसलिए उन्होंने पर्यटकों से भी हिमाचल न आने का अनुरोध किया है।
सोशल मीडिया में लोगों प्रतिक्रिया के बाद बोली, मौसम साफ होते ही आपदा प्रभावित क्षेत्र में जाएंगी
सोशल मीडिया में लोगों की तीखी प्रतिक्रिया के बाद कंगना ने आज दिल्ली में मीडिया से बातचीत में कहा कि मौसम साफ होते ही वह बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जाएगा और प्रभावितों से बात करेंगी। उन्होंने बताया कि वह प्रधानमंत्री से भी आपदा से राहत के लिए ज्यादा से ज्यादा आर्थिक सहायता की मांग करेगी।


