इजराइल और हमास के बीच पिछले 14 दिनों से जंग जारी है। इस दौरान दोनों पक्षों के करीब 5200 लोगों ने अपनी जान गंवाई है। मरने वालों में ज्यादातर लोग इजराइल या गाजा के नागरिक थे। इजराइल और हमास ने लगातार एक-दूसरे पर जंग के नियमों के उल्लंघन और वॉर क्राइम का आरोप लगाया है।
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 14 दिन में इजराइल और हमास दोनों ही जंग पर अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन किया है। एक तरफ हमास लगातार इजराइली नागरिकों को निशाना बना रहा है। दूसरी तरफ, इजराइल ने घोषणा की कि वो गाजा पर पूरी तरह से कब्जा कर लेगा। इसके बाद इजराइल ने गाजा में मौजूद करीब 20 लाख लोगों के लिए बिजली, पानी और और खाने की सप्लाई भी बंद कर दी।
न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, युद्ध से जुड़े अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत, इस वक्त 2 दावे ऐसे हैं, जो सबसे ज्यादा चिंता का विषय हैं। पहला- हमास पर आरोप है कि वो गाजा पट्टी में इजराइल के हमलों से बचने के लिए आम नागरिकों को ढाल बना रहा है। दूसरा- इजराइल ने नॉर्दर्न गाजा में सभी फिलिस्तीनियों से घर छोड़ने को कहा है।
अस्पताल पर हमले में 500 से ज्यादा की मौत
मंगलवार को गाजा के अल-अहली अरब अस्पताल पर हमला हुआ। इसमें 500 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। हमास ने इजराइल पर तो इजराइल ने फिलिस्तीन से ऑपरेट होने वाले संगठनों पर हमले का आर्रोप लगाया। लेकिन इस दौरान सबसे ज्यादा प्रभावित सिर्फ आम नागरिकों हुए जो खुद या जिनके परिजन इस हमले की चपेट में आ गए।
इजराइल का आरोप- हमास लोगों के पीछे छिप रहा, उनके घरों में हथियार रखे
इजराइल-हमास जंग की वजह से लोगों में गुस्सा और दुख का माहौल है। युद्ध में एक सबसे मूल कानून का सबसे ज्यादा उल्लंघन हो रहा है और वो ये है कि आम नागरिकों की हर हाल में रक्षा करनी होगी। उन्हें हिंसा में टारगेट नहीं बनाया जा सकता है। ये कानून जंग में शामिल हर पक्ष पर लागू होता है। नागरिकों पर हमले को ये कहकर सही नहीं ठहराया जा सकता है कि विपक्षी दल भी ऐसा कर रहा है।
इजराइल लंबे समय से हमास पर ये आरोप लगाता आया है कि वो हमलों से बचने के लिए आम लोगों को शील्ड के तौर पर इस्तेमाल कर रहा है। बुधवार को PM नेतन्याहू ने अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन से कहा- हमास 2 तरह से वॉर क्राइम कर रहा है। वो अपने नागरिकों के पीछे छिपकर इजराइली नागरिकों को निशाना बना रहा है। ये न सिर्फ वॉर क्राइम बल्कि मानवाधिकार के भी खिलाफ है।


