दिल्ली के लक्ष्मी नगर इलाके में एक पिता और बेटे के साथ खुलेआम मारपीट का मामला सामने आया है। घटना 2 जनवरी की है, जिसका CCTV फुटेज अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दिखा कि कुछ लोग एक युवक को उसके घर से घसीटकर बाहर लेकर गए।
सड़क पर ले जाकर आरोपियों ने युवक की पैंट उतार दी और और लातों से उसकी पिटाई की। CCTV फुटेज में दिखा कि घटना के दौरान दो पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। फिर भी आरोपियों ने युवक की पिटाई करनी नहीं छोड़ी।
पुलिस ने भी पीड़ित को बचाने, हमलावरों को रोकने या उन्हें पकड़ने की कोशिश नहीं की। जब आरोपियों ने खुद हमला करना रोका, तब एक पुलिसकर्मी ने पीड़ित को उसकी पैंट लाकर दी। इस दौरान हमलावर पुलिसवालों के साथ, उनके आसपास खड़े रहे।
पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी विकास यादव, शुभम यादव, ओमकार यादव और पिंटू यादव के खिला मुकदमा दर्ज किया है। परिवार का आरोप है कि पुलिस ने अब तक सिर्फ सतीश यादव को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपी फरार हैं।
न्यूज एजेंसी ANI के अनुसार, घटना 2 जनवरी को दोपहर करीब 3 से 3:30 बजे के बीच राजेश गर्ग के परिवार के साथ उनके घर के बाहर हुई। कपल के दो बेटे हैं। राजेश गर्ग की पत्नी रीता गर्ग ने बताया कि वे अपने पति के साथ घर के बाहर खड़ी थीं, तभी शुभम यादव नाम के युवक ने उनके पति को पकड़ लिया।
इसके बाद सतीश यादव और अन्य लोग वहां पहुंचे और राजेश गर्ग से मारपीट शुरू कर दी। महिला का आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें भी धक्का दिया गया और उनके साथ बदसलूकी की। इसी दौरान एक आरोपी घर में घुसा और उनके एक बेटे को खींचकर बाहर लाने लगा।
युवक ने घर के अंदर जाकर खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन 3 से 4 आरोपी और पहुंच गए। उन्होंने युवक का पैर पकड़ा और उसे जमीन पर घसीटते हुए बाहर ले गए। सड़क पर ले जाकर आरोपियों ने युवक की पैंट उतार दी और लातों से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी।
पीड़ित पिता राजेश गर्ग ने बताया कि आरोपियों ने उनके भी कपड़े फाड़े और चेहरे पर मुक्के मारे। उन्होंने कहा कि उनके बेटे को भी गंभीर चोटें आई हैं। 10 दिन बाद उसकी शादी है। कपल का दावा है कि घटना के बाद उनके दोनों बेटे डर और सदमे के कारण घर छोड़कर चले गए हैं। उनके मोबाइल फोन भी बंद हैं।


