चंडीगढ़ डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में शनिवार को पंजाब पुलिस के पूर्व AIG ने भारतीय राजस्व सेवा (IRS) अफसर अपने दामाद की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान हरप्रीत सिंह के रूप में हुई है। हरप्रीत सिंह का पत्नी के साथ तलाक का केस चल रहा था। इसी केस की सुनवाई के लिए वह कोर्ट पहुंचे थे। पुलिस ने आरोपी ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक हरप्रीत सिंह कृषि विभाग में अफसर थे। उनका पत्नी के साथ काफी समय से तलाक का केस चल रहा है। शनिवार को दोनों पक्ष सुनवाई के लिए कोर्ट पहुंचे थे। यहां कोर्ट ने दोनों पक्षों को मीडिएशन (मध्यस्थता) सेंटर भेजा था। यहां दोनों पक्षों की काउंसलिंग चल रही थी।
बाथरूम का रास्ता पूछने के बहाने बाहर ले गया
इस बीच, लड़की के पिता पंजाब पुलिस के पूर्व AIG मालविंदर सिंह सिद्धू ने बाथरूम जाने की बात कही। वह अपने दामाद हरप्रीत को रास्ता पूछने के बहाने मीडिएशन सेंटर से बाहर लाए। बाहर आते ही ससुर ने करीब 5 राउंड फायरिंग की। जिसमें 2 गोलियां हरप्रीत सिंह को लगी।
आसपास के लोगों ने हरप्रीत को संभाला। इसके बाद परिवार के लोग उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए। वहां इलाज के दौरान हरप्रीत सिंह की मौत हो गई।
पूर्व AIG पर रिश्वत लेने के आरोप में दर्ज हुआ था केस
पूर्व AIG मालविंदर सिंह सिद्धू का विवादों से पुराना नाता रहा है। अक्टूबर 2023 में पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने मालविंदर सिंह सिद्धू और उसके दो साथियों के खिलाफ जबरन वसूली, धोखाधड़ी और रिश्वत लेने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया था।
विजिलेंस ब्यूरो के अनुसार, तत्कालीन AIG (ह्यूमन राइट्स) अपने साथियों के साथ मिलकर सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ नाजायज शिकायत देकर उन्हें ब्लैकमेल करते थे। उन पर सरकारी गाड़ी का दुरुपयोग करने के भी आरोप लगे। उन्हें अर्टिगा गाड़ी मिली हुई थी। जिसमें वह पंजाब विजिलेंस के AIG बनकर लोगों की जांच करने के लिए जाते थे। जबकि उस दौरान वह कभी भी विजिलेंस ब्यूरो में कार्यरत नहीं रहे।
मोहाली पुलिस ने गिरफ्तार किया था
मालविंदर सिंह सिद्धू को 25 अक्टूबर 2023 को मोहाली पुलिस ने गिरफ्तार किया था। मालविंदर पूछताछ में शामिल होने के लिए मोहाली स्थित विजिलेंस कार्यालय पहुंचे थे। पूछताछ के दौरान विजिलेंस के अधिकारियों से उलझ पड़े। विजिलेंस के अधिकारियों ने उन्हें मोबाइल जमा करने के लिए कहा था, लेकिन वह मोबाइल में पूछताछ की रिकॉर्डिंग कर रहे थे। इस कारण विजिलेंस अधिकारी के साथ उनकी झड़प हो गई। साथ ही उनकी पत्नी और बेटे ने भी विजिलेंस दफ्तर के बाहर हाई वोल्टेज ड्रामा किया।
विजिलेंस के DSP वरिंदर सिंह ने उनके खिलाफ मोहाली पुलिस को शिकायत दी थी। मालविंदर सिद्धू पर सरकारी काम में बाधा डालने, सरकारी अफसर से उलझना और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगे थे।


