जमीन घोटाले में घिरे झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। जांच एजेंसी ED सोमवार को उनसे पूछताछ के लिए दिल्ली स्थित आवास पहुंची, हालांकि वे यहां नहीं मिले। एजेंसी यहां जरूरी कागजात खंगाल रही है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के दिल्ली आवास पर हुई छापेमारी पर कांग्रेस ने प्रतिक्रिया दी। झारखंड प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा है कि यह अफवाह फैलाई जा रही है कि सीएम लापता हैं।
मुख्यमंत्री ने पहले ही 31 जनवरी का समय ले लिया फिर इस तरह की खबर आ रही है, जो गलत है। यह खबर इसलिए फैलाई जा रही है कि अफरा – तफरी का माहौल हो, हेमंत सोरेन के चाहने वालों में आक्रोश हो उसके बाद राज्यपाल लॉ एंड ऑर्डर की समस्या बताकर राष्ट्रपति शासन लगा दें, यह एक साजिश है जिसे हम सफल नहीं होने देंगे। भाजपा का चेहरा बेनकाब हो चुका है।
जेएमएम के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने बताया कि हेमंत सोरेन ईडी को ईमेल पर पूछताछ के लिए समय दिया है। 31 जनवरी को 1बजे पूछताछ के लिए सीएम तैयार है।
ईडी की कार्रवाई अलोकतांत्रिक है। वहीं, ईडी की कार्रवाई के विरोध में JMM कार्यकर्ता रांची के मोरहाबादी इलाके से सीएम हाउस होते हुए राजभवन के लिए निकले हैं।
झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री आज जवाब नहीं दे रहे हैं तो उन्हें कल जवाब देना होगा। एक सच्चे नागरिक के रूप में हमें आज्ञा माननी चाहिए।
कानून व्यवस्था की स्थिति बहुत संतोषजनक नहीं है। मैं ये बात कई बार व्यक्त कर चुका हूं। कार्रवाई तो करनी ही पड़ेगी।
इधर, सोरेन कहां हैं, इसकी जानकारी भी आधिकारिक तौर पर किसी को नहीं है। वे 27 जनवरी की रात 11:30 बजे दिल्ली स्थित आवास पहुंचे थे।
देर रात उन्होंने पार्टी नेताओं और करीबियों के साथ बैठक भी की थी। वे अपने पिता और राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन के आवास पर भी नहीं है।

