लोकसभा चुनाव 2024 के लिए I.N.D.I.A में सीट शेयरिंग बड़ा मुद्दा बनता नजर आ रहा है। शुक्रवार (19 जनवरी) को TMC सुप्रीमो और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मुर्शिदाबाद जिले के पार्टी नेताओं के साथ मुलाकात की।
ममता ने स्पष्ट कहा कि TMC को प्राथमिकता नहीं दी गई तो प्रदेश की सभी 42 लोकसभा सीटों पर TMC स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ने के लिए तैयार है।
नाम नहीं छापने की शर्त पर TMC नेता ने कहा कि ममता ने दो टूक कहा है कि I.N.D.I.A के सबसे महत्वपूर्ण भागीदारों में TMC भी है। पश्चिम बंगाल में RSP, CPI, CPI (M) को हमसे (TMC) से ज्यादा तवज्जो दी गई तो हम अपना रास्ता खुद बनाएंगे और प्रदेश की सभी 42 सीटों पर लड़ेंगे।
पश्चिम बंगाल का मुर्शिदाबाद जिला अल्पसंख्यक आबादी वाला क्षेत्र है। इसे कांग्रेस के गढ़ के रूप में देखा जाता है। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने बहरामपुर सीट जीत दर्ज की थी। वे पांच बार के सांसद हैं।
कांग्रेस और TMC के बीच सीट शेयरिंग को लेकर विवाद है। TMC ने कांग्रेस को दो सीटें देने की बात कही है, जिन पर पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने जीत हासिल की थी। वहीं, कांग्रेस ज्यादा सीटों की मांग कर रही है और TMC की पेशकश को गलत बता रही है। अधीर रंजन चौधरी कह चुके हैं कि कांग्रेस पार्टी TMC से सीटों की भीख नहीं मांगेगी।


