दक्षिण पश्चिम मानसून मंगलवार को बिहार-झारखंड पहुंच गया है। चार जिलों औरंगाबाद, किशनगंज, कटिहार और बांका में सुबह तेज बारिश हुई।
सोमवार को मानसून ने गुजरात-मध्य प्रदेश में एंट्री की थी। महाराष्ट्र के विदर्भ, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कुछ इलाकों में भी मानसून आगे बढ़ा है।
MP, UP, राजस्थान और बिहार में बिजली गिरने से सोमवार को 19 लोगों की मौत हो गई।
मौसम विभाग ने आज गुजरात और सौराष्ट्र में भारी बारिश का रेड, जबकि मध्य प्रदेश-राजस्थान समेत 17 राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इधर राजस्थान में प्री-मानसून की बारिश जारी है। सोमवार को जयपुर, अजमेर समेत 20 से ज्यादा जिलों में बारिश हुई। मंगलवार को भी 26 जिलों में अलर्ट जारी किया गया है।
मध्य प्रदेश में अगले 2 दिन में मानसून भोपाल-इंदौर में दस्तक दे सकता है। तब तक 40 जिलों में आंधी-बारिश जारी रहेगी। मानसून सबसे आखिर में ग्वालियर-चंबल पहुंचेगा।
मौसम विभाग का अनुमान है, अगले दो दिन में मानसून गुजरात, महाराष्ट्र, MP, ओडिशा, छत्तीसगढ़ के शेष हिस्सों में आगे बढ़ने के साथ ही UP में दस्तक दे सकता है।
इस हफ्ते के अंत तक मानसून पश्चिमी UP, दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान के कुछ हिस्सों तक भी पहुंच जाएगा।
अगले 2 दिन कैसा रहेगा मौसम…
18 जून: गुजरात, सौराष्ट्र, कच्छ, मध्य महाराष्ट्र, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, केरल, कर्नाटक, पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बंगाल, सिक्किम में भारी बारिश का अलर्ट है। बिहार, झारखंड, ओडिशा, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।
19 जून: गुजरात, सौराष्ट्र, कच्छ, उत्तराखंड, बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की चेतावनी है। जबकि बिहार, झारखंड, कोंकण गोवा, मध्य महाराष्ट्र, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।

