यूपी के फतेहपुर में बुधवार को राजा रघुवंशी केस के मास्टरमाइंड राज कुशवाह की दादी की मौत हो गई। वह राजा रघुवंशी की पत्नी सोनम का बॉयफ्रेंड है। राज कुशवाह के घरवालों ने कहा- बेटे को फर्जी तरीके से फंसाया गया है। इसके चलते दादी परेशान थीं। सदमे में उन्हें हार्टअटैक आ गया और उनकी मौत हो गई। राज की दादी मरते दम तक यही कहती रहीं कि उनका पोता बेकसूर है।
राज का घर फतेहपुर जिला मुख्यालय से 32 किलोमीटर दूर गाजीपुर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में है। लेकिन, वह पिछले 15 साल से इंदौर में रह रहा था।
दादा ने कहा- पोते के गम में आया हार्ट अटैक
दादा दरबारी सिंह ने बताया- अभी कुछ दिन पहले हमें पता चला कि मेरा पोता राज का इंदौर की लड़की सोनम रघुवंशी के साथ अफेयर चल रहा था। सोनम की शादी राजा रघुवंशी से हो गई थी। इसके बाद पता चला कि सोनम के साथ मिलकर राज ने उसके पति की हत्या कर दी है।
मेरे पोते को जबरन इस हत्याकांड में फंसाया जा रहा है। मेरी पत्नी राम लल्ली सिंह को जबसे यह बात पता चली, तो वह बीमारी रहने लगी। पोते के गम में बुधवार को हार्ट अटैक आने से उनकी मौत हो गई।
पड़ोसियों ने कहा- मरते दम तक पोते को बेकसूर कहती रहीं
पड़ोसी रामू सिंह ने बताया- सोनम रघुवंशी के पति के हत्या के मामले में राज को आरोपी बनाया गया है। इसको लेकर राम लल्ली मरते दम तक पोते को बेकसूर कहती रहीं।
अब पढ़िए 6 दिन पहले दादी ने जो कुछ बताया था
दादी ने कहा था- वे बड़े लोग, कुछ भी कर सकते हैं
दादी से राजा हत्याकांड के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा था- वे बड़े लोग हैं, कुछ भी कर सकते हैं। मेरा पोता बहुत अच्छा है, अच्छे से बात-व्यवहार करता है। 15 साल पहले राज के पिता आर्थिक तंगी के कारण इंदौर चले गए थे। वहां उन्होंने फल की दुकान शुरू की। परिवार की स्थिति सुधरने के बाद करीब 10 साल पहले राज अपनी मां और दो बहनों के साथ इंदौर चला गया था।

