पलवल / पुलिस प्रवक्ता कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार एसपी पलवल श्री वरुण सिंगला, आईपीएस के कुशल नेतृत्व में जिला पुलिस लगातार अपराधियों पर शिकंजा कस रही है। इसी कड़ी मे फर्जी सिम जरिए न्यूड वीडियो बनाकर ठगी करने वाले गिरोह का साइबर क्राइम थाना पुलिस भंडाफोड करते हुए दो ठग गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी न्यूड वीडियो बनाकर उसके उपरांत यूट्यूब अधिकारी बनकर ठगी करते थे। साइबर थाना पुलिस ने लोगों के साथ धोखाधड़ी करने वाले एक अंतरराज्यीय साइबर ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की पहचान कामा (राजस्थान) के धर्मशाला गांव के रहने वाले मुकीम व झेरा खेड़ा, नूह की रहने वाले सरफराज खान के रूप में हुई है।
साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार के अनुसार दिनांक 2 मार्च को मामले में साइबर थाना के हेड कांस्टेबल निखिल कुमार अपनी टीम के साथ मेडिकल मोड़ पर गश्त पर थे, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि ठगी की वारदातों को अंजाम देने वाला एक युवक आगरा की तरफ जाने वाले केएमपी पुल के नीचे किसी का इंतजार कर रहा है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और आरोपी मुकीम को मौके पर ही दबोच लिया। पूछताछ और जांच में सामने आया कि आरोपित फर्जी सिम कार्ड का इस्तेमाल कर पहले लोगों की न्यूड वीडियो बनाता था। इसके बाद वह खुद को यूट्यूब अधिकारी बताकर वीडियो वायरल करने की धमकी देता था और उसे हटाने के नाम पर मोटी रकम वसूलता था। तलाशी के दौरान उसके पास से मोबाइल बरामद हुआ, जिसमें फर्जी सिम कार्ड मिला।जब पुलिस टीम ने आरोपित के मोबाइल को एनसीआरपी पोर्टल पर चेक किया, तो उसके विरुद्ध पहले से ही एक शिकायत दर्ज पाई गई। इसके बाद आरोपित के विरुद्ध साइबर थाना में मामला दर्ज किया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी से की गई गहन पूछताछ एवं तथ्यों के आधार पर दिनांक 2 मार्च को इस साइबर ठगी में शामिल सहआरोपी सरफराज खान उपरोक्त को होडल पुन्हाना रोड से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की गई। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। थाना प्रभारी ने कहा कि साइबर ठगी के इस नेटवर्क से जुड़े किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
थाना प्रभारी ने बताया कि वर्ष 2024 के एक अन्य मामले में उनकी टीम ने मनीष उर्फ कल्लण निवासी सहनबा थाना शेरगढ़ जिला मथुरा उत्तर प्रदेश को भी नियम अनुसार गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अवैध हथियारों के साथ पोज बनाकर आपराधिक कृत्य किया था। आरोपी द्वारा प्रयोग किया गया देसी कट्टा पहले ही पुलिस द्वारा होडल थाना में दर्ज शस्त्र अधिनियम के तहत दर्ज मामले में बरामद किया जा चुका है। थाना प्रभारी ने चेताया कि हथियारों के साथ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कोई भी प्रदर्शन किया तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पलवल पुलिस की पैनी नजर है।


