फरीदाबाद, 07 नवम्बर। पाकिस्तान के हिंदू शरणार्थियों को भारतीय नागरिकता मिलने पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने उन्हें भारत माता चित्र, श्रीमद्भागवत गीता एवं भगवा पटके भेंट कर उनका वंदन – अभिनंदन किया गया। जिलाधीश विक्रम सिंह ने दस विदेशी नागरिकों को भारतीय नागरिकता संबंधी प्रमाण पत्र प्रदान की है।
सभी नव भारतीय नागरिकों का मिष्ठान से मुंह मीठा कराया गया। उसके उपरांत सभी ने भारत देश के प्रति कर्तव्य पर्यन्ता की शपथ ली। संघ से मिले सम्मान से छलक आईं आंखे, उमड़ पड़ा भावनाओं का सैलाब। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ हरियाणा के प्रांत संपर्क प्रमुख श्रीमान गंगाशंकर मिश्र ने सभी दस पाकिस्तान के हिंदू शरणार्थियों को भारतीय नागरिकता मिलने पर भारत माता चित्र, श्रीमद्भागवत गीता एवं भगवा पटके भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
श्री मिश्र ने कहा कि संघ के स्वयंसेवक विगत दो वर्षों से उनके जरूरी दस्तावेज जुटाने में लगे हुए थे। भारतीय नागरिकता मिलने के उपरांत अब इनका आधार कार्ड, राशन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज तैयार करवाना प्राथमिकता में शामिल है ताकि उन्हें केंद्र एवं राज्य की मूलभूत सुविधाएं प्राप्त हो सकें। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का प्रयास है कि समाज एवं सरकार के सहयोग से सभी शरणार्थियों के लिए स्थाई आवासीय सुविधा उपलब्ध हो।


