पलवल / थाना यातायात पलवल प्रभारी निरीक्षक जगबीर सिंह के अनुसार पुलिस अधीक्षक पलवल नीतीश अग्रवाल के कुशल निर्देशन में जिला पुलिस द्वारा ट्रैक्टरों पर अवैध रूप से बजाए जा रहे डीजे, अवैध सायरन, ब्लैक फ़िल्म लगे वाहन तथा पटाखा छोड़ने वाली बुलेट मोटरसाइकिलों के खिलाफ सख्त अभियान निरंतर जारी है जिसके अंतर्गत कार्रवाई करते हुए आज फिर दर्जनों वाहनों के चालान किए गए है ।
थाना यातायात पलवल प्रभारी के अनुसार अभियान में SWAT टीमों सहित शहर के सभी थाना प्रबंधकों व यातायात पुलिस की संयुक्त टीमों ने विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की। ट्रैक्टरों पर अवैध रूप से बजाए जा रहे डीजे, अवैध सायरन,ब्लैक फ़िल्म लगे वाहन तथा पटाखा छोड़ने वाली बुलेट मोटरसाइकिलों के चालकों द्वारा यातायात नियमों की अवहेलना पाए जाने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत भारी जुर्माने के चालान किए गए।
पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल, IPS का संदेश
जिला पुलिस द्वारा चलाये गये इस विशेष अभियान पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि “ध्वनि प्रदूषण आमजन के स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक है। ट्रैक्टर डीजे से न केवल ध्वनि प्रदूषण होता है बल्कि सड़क दुर्घटना का भी खतरा बना रहता है। इसी प्रकार बुलेट मोटरसाइकिल से पटाखे जैसी आवाज निकालना गैरकानूनी है और इससे बुजुर्गों, बच्चों व बीमार लोगों को परेशानी होती है। पलवल पुलिस का यह अभियान लगातार जारी रहेगा। आमजन से अपील है कि अपने वाहनों में किसी भी प्रकार का अवैध मॉडिफिकेशन न कराएं। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


