केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने मंगलवार को चेन्नई में भाजपा का तमिलनाडु चुनाव के लिए घोषणापत्र जारी किया। महिलाओं को हर महीने 2,000 रुपए और सालाना तीन मुफ्त एलपीजी सिलेंडर देने का वादा किया है। इसके साथ ही हर परिवार को 10,000 रुपए देने का वादा किया है।
घोषणा-पत्र में पात्र महिलाओं को ई-स्कूटर खरीदने के लिए 25,000 रुपए की सब्सिडी, जल्लीकट्टू के सांडों का पालन-पोषण करने वालों को 2,000 रुपए की मासिक सहायता देने का भी ऐलान किया है।
राहुल गांधी मंगलवार को पश्चिम बंगाल के रायगंज पहुंचे। रैली में उन्होंने कहा कि RSS और BJP वोट चोरी में शामिल हैं और लोकतंत्र को नष्ट कर रहे हैं। इनकी नफरत भरी सोच संविधान को खत्म कर रही है।
इसके बाद राहुल मुर्शिदाबाद के समसेरगंज और मालदा जिले के चंचल में रैलियां करेंगे। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम को तमिलनाडु में कार्यकर्ताओं को वर्चुअली संबोधित करेंगे।
इधर, कानून-व्यवस्था से जुड़ी शिकायतों के लिए चुनाव आयोग ने बंगाल के वोटरों के लिए 24×7 हेल्पलाइन और ईमेल सुविधा शुरू की है। आयोग ने बताया कि टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 18003450008 और wbfreeandfairpolls@gmail.com पर ईमेल के जरिए लोग अपनी शिकायतें भेज सकते हैं। यह दोनों सुविधाएं 4 मई तक जारी रहेंगी।
भाजपा ने तमिलनाडु के लिए घोषणापत्र जारी किया। महिलाओं को हर महीने 2,000 रुपए, सालाना तीन मुफ्त एलपीजी सिलेंडर और पात्र महिलाओं को ई-स्कूटर खरीदने के लिए 25,000 रुपए की सब्सिडी का वादा किया।
राहुल गांधी ने बंगाल के रायगंज में कहा कि RSS और BJP वोट चोरी में शामिल हैं और लोकतंत्र को नष्ट कर रहे हैं। भाजपा और नरेंद्र मोदी ने एक नई राजनीतिक व्यवस्था बनाई है। इसमें पार्टी का सारा पैसा एक ही जगह रखा जाता है। यह जगह है अडाणी कंपनी।
बंगाल की CM ममता बनर्जी ने X पर पोस्ट किया- जब तक मैं जिंदा हूं, तब तक इस भूमि और यहां के लोगों को कोई नुकसान नहीं होने दूंगी। मैं बंगाल और यहां के हर व्यक्ति की रक्षा के लिए आखिरी सांस तक लडूंगी।
पश्चिम बंगाल में गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि ममता दीदी के शासन में स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। मैं आपको बताने आया हूं कि नॉर्थ बंगाल के समग्र विकास के लिए दार्जिलिंग से सुंदरबन तक एक बड़ा नेशनल हाईवे बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नॉर्थ बंगाल में एक AIIMS स्थापित किया जाएगा। हमारे नेता नरेंद्र मोदी यह सुनिश्चित करेंगे कि वहां नया AIIMS बने। बीजेपी सरकार युवाओं के लिए एक IIT स्थापित करने का भी काम करेगी।
अमित शाह ने कहा कि राजबंशी समुदाय की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए उनकी भाषा को आठवीं अनुसूची में शामिल करने की दिशा में काम किया जाएगा। साथ ही गोरखा मुद्दे का संवैधानिक समाधान बिना बंगाल को विभाजित किए निकाला जाएगा। नॉर्थ बंगाल में चार बड़े शहर विकसित किए जाएंगे।


