फरीदाबाद। अहमदाबाद में हुए विमान हादसे में फरीदाबाद का रहने वाला एमबीबीएस के सेकेंड ईयर का स्टूडेंट केशव भड़ाना भी घायल हुआ। जिस वक्त हादसा हुआ, वह बीजे मेडिकल कॉलेज की मैस में चार दोस्तों के साथ लंच कर रहा था। उसके घायल होने का पता चलने पर पिता इलाज के लिए उसे फरीदाबाद ले आए। अभी वह पूरी तरह से ठीक नहीं हुआ है। हादसे के बाद जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अहमदाबाद गए तो उन्होंने केशव का भी हालचाल पूछा। केशव ने घटना के बारे में बताया कि उस दिन हमें भूकंप जैसा झटका लगा।
अंदर लंच कर रहे स्टूडेंट्स और स्टाफ पर सीमेंट के टुकड़े और लोहे के पिलर गिर गए। केशव ने बताया कि रेस्क्यू टीम के आने से पहले मैस के सिलेंडर फटने लगे। मैं तो किसी तरह रेंगते हुए लोहे के पिलर से बाहर निकलकर बच गया, लेकिन मेरे साथ लंच कर रहे चारों दोस्तों की मौत हो गई। केशव ने आगे कहा- लंच की टेबल पर बैठे हम सभी पर सबसे पहले मैस की सीलिंग गिरी। फिर छत से सीमेंट के बड़े-बड़े टुकड़े गिर गए। चारों तरफ धुआं ही धुआं था। मुझे कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। कुछ देर में धुंधला दिखाई देने लगा। मेरे अलावा मैस के भीतर जितने लोग थे, उनके ऊपर लोहे के पिलर गिरे हुए थे। सभी लोग दबे हुए थे। पूरे मैस में बचाओ-बचाओ की चीखें आ रही थीं। केशव ने कहा- मेरे पैरों पर लोहे का बड़ा पिलर गिरा हुआ था। मैंने उसे उठाने की कोशिश की, लेकिन वह बहुत भारी था। मैंने लेटे हुए ही घूमते-घूमते खुद के पैर पिलर से बाहर निकाले।
मेरे बाकी चारों दोस्त पिलर के नीचे दबे हुए थे। मैंने कोशिश की, लेकिन उनका पूरा शरीर पिलर के नीचे था। मैं उन्हें खींच नहीं पाया। उस वक्त मेरी हालत भी बहुत खराब थी। केशव ने कहा- मैं तुरंत बाहर निकला और सीढिय़ों से किसी तरह जख्मी हालत में नीचे पहुंचा। वहां लोगों की भीड़ खड़ी थी। सब मदद के लिए चिल्ला रहे थे। मैंने पलटकर बिल्डिंग की तरफ देखा तो पता चला कि प्लेन क्रैश हुआ है। केशव ने कहा- मेरी हालत बिगड़ती जा रही थी। इसलिए मैं बिना कुछ सोचे तुरंत स्कूटी की तरफ दौड़ा। तभी मेरे एक सीनियर ने मुझे देख लिया। उन्होंने तुरंत मेरे समेत कुछ और लोगों को अपनी गाड़ी में सिविल अस्पताल पहुंचाया। मुझसे पहले भी घायलों को लाया जा रहा था। अस्पताल में अफरातफरी का माहौल था। केशव ने कहा- 13 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनसे मिलने के लिए अस्पताल पहुंचे थे।
उस समय मैं सो रहा था। आवाज सुनकर जब मैं उठा तो पीएम मेरे सामने खड़े हुए थे। पीएम ने मुझसे पढ़ाई और परिवार को लेकर बात की। केशव के पिता देवेंद्र भड़ाना ने कहा कि जब विमान हादसे में बेटे केशव के घायल होने का पता चला तो मैं भाई के साथ तुरंत गाड़ी लेकर दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचा। मगर, वहां से अहमदाबाद जाने के लिए हमें कोई फ्लाइट नहीं मिली। जिसके बाद हम बस से अहमदाबाद तक पहुंचे। भड़ाना ने कहा कि वे किसान हैं। उनका बड़ा बेटा दिल्ली यूनिवर्सिटी से एलएलबी सेकेंड ईयर की पढ़ाई कर रहा है। छोटे बेटे केशव ने 2023 में ही बीजे मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस के लिए दाखिला लिया था। यह बेटे का दूसरा साल था, जो कंप्लीट होने वाला था।


