बीपीटीपी के साथ फरीदाबाद में हाफ मैराथन का आयोजन
फरीदाबाद- हरियाणा पर्यटन विभाग फरीदाबाद में सूरजकुंड से शुरू होने वाली हाफ मैराथन का आयोजन कर रहा है। बीपीटीपी इस मैराथन का टाइटेनियम स्पांसर है। दिल्ली एनसीआर का एक प्रसिद्ध रियल एस्टेट डेवलपर बीपीटीपी ने समुदाय के भीतर फिटनेस और कल्याण को बढ़ावा देने के लिए मैराथन से हाथ मिलाया है। 3 मार्च को होने वाली हाफ मैराथन में प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे और धावकों का उत्साह बढ़ाएंगे। मैराथन में अलग-अलग वर्गों में हजारों लोग हिस्सा लेंगे। सीईओ जिला परिषद सतबीर मान के मुताबिक मैराथन मार्ग पर रनर्स की सुविधा के लिए प्रत्येक दो किलोमीटर पर मेडिकल कैंप बनाए जाएंगे। इन कैंपो पर धावकों के लिए एनर्जी ड्रिंक्स सहित मोबाइल टॉयलेट्स की भी सुविधा रहेगी। मैराथन रूट में धावकों को किसी प्रकार की असुविधा ना हो इसके लिए पूरे मार्ग पर वालंटियर की ड्यूटी रहेगी। हर 150 से 200 मीटर के बीच पुलिस कर्मी भी नियुक्त किए जाएंगे। इस मैराथन में फरीदाबाद और गुरुग्राम के सभी महाविद्यालयों और स्कूलों के विद्यार्थियों को सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया गया है। मैराथन की शुरुआत सूरजकुंड परिसर से होगी और यह शहर के एशियाई अस्पताल से वापस जाएगी।
बीपीटीपी के सीनियर वाईस प्रेसिडेंट रोहित मोहन का कहना है कि हम इस साल के हाफ मैराथन के स्पांसर के रूप में शामिल होकर बेहद रोमांचित हैं। फ़रीदाबाद हाफ मैराथन सभी उम्र और फिटनेस स्तर के व्यक्तियों के लिए है। 3 मार्च को हमारे साथ जुड़ें क्योंकि हम फ़रीदाबाद हाफ मैराथन में दौड़ने, प्रेरित करने और जश्न मनाने के लिए एक साथ आए हैं। हरियाणा पर्यटन विभाग के साथ मिलकर हमारा लक्ष्य इस कार्यक्रम को सभी प्रतिभागियों के लिए एक यादगार और प्रभावशाली अनुभव बनाना है।


