फरीदाबाद। करीब दस दिन पूर्व पल्ला के शिव एंक्लेव पार्ट-1 में पत्नी की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी को अपराध शाखा डीएलएफ पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश कर छह दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार विक्रम सिंह निवासी शिव एन्क्लेव पार्ट-2 ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 12 वर्ष पहले उसकी बेटी संगीता (32) ने दिलीप यादव के साथ लव मैरिज की थी। शादी के बाद पति पत्नी का आपस में पारिवारिक विवाद हो गया।
आरोपित शिकायतकर्ता की बेटी के साथ मारपीट करता था, जिसपर उन्होंने दिलीप यादव के खिलाफ साकेत कोर्ट, दिल्ली में तलाक व मारपीट का दावा डाला हुआ था और उसकी बेटी दिलीप से अलग रह रही थी। इसी की रंजिश के चलते आरोपित ने 20 फरवरी को उसकी बेटी की गोली मार कर हत्या कर दी। शिकायत पर थाना पल्ला में हत्या से संबंधित धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया और मामले की जांच का जिम्मा अपराध शाखा डीएलएफ पुलिस को दिया। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अपने गुप्त सूत्रों की सूचना पर दिलीप यादव निवासी शिव एन्कलैव पार्ट-2 फरीदाबाद को मेवला महाराजपुर रेलवे ब्रिज के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपित दिलीप ने संगीता के साथ वर्ष 2011 मे लव मैरीज की थी।
वर्ष 2022 से आरोपी का उसकी पत्नी के साथ विवाद हो गया था। जिस संबंध में तलाक व खर्चे का मामला दिल्ली कोर्ट में चला हुआ था। आरोपित ने शिव एन्क्लेव पार्ट-1 मे एक 80 गज का प्लांट अपनी पत्नी के नाम पर लिया था। उसकी पत्नी ने अपने परिवार के साथ मिलकर प्लांट पर अपना कब्जा कर लिया था और आरोपित को प्लांट से बाहर निकाल दिया था। इसी की रंजिश रखते हुए उसने अपनी पत्नी पर तीन रॉउड फायर किये, जिससे उसकी पत्नी की मृत्यु हो गई।


