फरीदाबाद, 17 जुलाई। दादा लखमी चन्द स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट (सुपवा) के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय का भ्रमण कर भविष्य के नियोजन पर महत्वपूर्ण बैठक की। जल्दी ही दोनों विश्वविद्यालय मिल कर कुछ नए प्रोग्राम डिजाइन करेंगे। पाठ्यक्रम साझा करने के साथ-साथ स्टूडेंट्स एक्सचेंज पर भी इस बैठक में मंथन किया गया। श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. आर एस राठौड़ और सुपवा के डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. अजय कौशिक के संयुक्त नेतृत्व में हुई इस बैठक में कई ऐसे नए प्रोग्राम डिजाइन करने पर विमर्श हुआ, जिनका कला और कौशल दोनों के साथ सीधा संबंध है।
इन प्रोग्राम में विद्यार्थी दोनों विश्वविद्यालयों की खूबियों से नया और रचनात्मक सीख सकते हैं। प्रो. आर एस राठौड़ ने कहा कि सभी विश्वविद्यालयों को अपनी उत्कृष्टता एक -दूसरे के साथ साझा करनी चाहिए। इसी कड़ी में दोनों विश्वविद्यालय इस दिशा में पहल कर रहे हैं। इससे पहले श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय की टीम सुपवा का दौरा कर चुकी है।


