पलवल / अतुल्य लोकतंत्र : पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक डॉ अंशु सिंगला आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन में जारी विशेष साइबर जागरूकता अभियान के तहत जिला पुलिस लगातार आमजन को साइबर अपराध के प्रति जागरूक कर रही है।
इस अभियान के तहत एडिशनल एसपी पलवल जसलीन कौर आईपीएस के नेतृत्व में टीम ने जिला पलवल के बडोली गांव में स्थित महिला कॉलेज में साइबर जागरूकता सेमिनार का आयोजन कर छात्र एवं शिक्षण स्टाफ को साइबर अपराध की जानकारी देकर जागरूक करने के साथ यातायात नियमों की पालना करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान थाना कैंप पलवल प्रभारी निरीक्षक सत्यनारायण, थाना चांदहट पलवल प्रभारी निरीक्षक कैलाश चंद, करीब 500 छात्राएं, कॉलेज प्रबंधन एवं पुलिस विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।
साईबर जागरूकता कार्यक्रम के दौरान उपस्थितगणों को एडिशनल एसपी पलवल ने बताया कि साइबर क्राइम से बचने व जागरूक करने के लिए अक्टूबर माह को साइबर क्राइम जागरूकता माह के रूप में मनाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि स्वयं को साइबर अपराध के प्रति जागरूक कर नागरिक साइबर ठगी से बच सकते हैं। ऑनलाइन ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं।हमें इंटरनेट पर अपने कार्य करने के दौरान या इंटरनेट का उपयोग करते समय बड़ी सावधानी बरतनी चाहिए । हमें अपने सोशल मीडिया खातों पर एक मजबूत पासवर्ड लगाकर खातों सुरक्षित को रखना चाहिए । सोशल मीडिया पर किसी अंजान व्यक्ति से सम्पर्क नही करना चाहिए ।
किसी अंजान लिंक पर क्लिक करके उसे ओपन नही करना चाहिए । किसी अंजान नम्बर से आने वाली फोन कॉल, वीडियो कॉल का उत्तर नही देना चाहिए और ना ही किसी अंजान व्यक्ति की फ्रेंड रिक्वेस्ट मंजूर करनी चाहिए ।
जब कोई व्यक्ति अपने आप को बैंक का अधिकारी या प्रतिनिधि बताकर आपसे आपकी व्यक्तिगत जानकरी जैसे बैंक खाता नम्बर, क्रेडिट/डेबिट कार्ड नम्बर, एक्सपायरी डेट, सीवीवी नम्बर, ओटीपी, आधार कार्ड नंबर व पैन कार्ड नंबर आदि मांगता है, तो उस व्यक्ति के साथ उक्त जानकारी सांझा नही करनी चाहिए । इस प्रकार हम छोटी-छोटी सावधानियां बरतकर अपने आप को साइबर अपराधियों से बचाकर रख सकते हैं और अपने आप को होने वाली मानसिक व आर्थिक हानि से बचा सकते हैं ।
अगर आपके साथ किसी भी प्रकार का साइबर अपराध हो जाता है या आप किसी ऑनलाइन ठगी का शिकार हो जाते हैं तो बिना किसी देरी के जल्द से जल्द इसकी शिकायत नेशनल साइबर क्राईम रिर्पोटिंग पोर्टल या साइबर क्राइम हेल्प नंबर1930 पर तुरंत प्रभाव से शिकायत दें और ट्रांजैक्शन फ्रीज करवाए और वित्तीय हानि से बचें।
इस दौरान एडिशनल एसपी ने राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर सभी को राष्ट्रीय एकता और अखंडता की शपथ भी दिलाई।


