पाकिस्तान पर एयरस्ट्राइक के बाद केंद्र ने 8 राज्यों के 28 एयरपोर्ट्स 9 मई तक बंद कर दिए हैं। ये राज्य- जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश हैं।
बडे़ एयरपोर्ट्स में श्रीनगर, जम्मू, लेह, चंडीगढ़, जोधपुर, राजकोट, धर्मशाला, अमृतसर, भुज और जामनगर शामिल हैं। ये पाकिस्तान बॉर्डर से लगे हुए हैं। MP के ग्वालियर और उत्तर प्रदेश के हिंडन एयरपोर्ट के ऑपरेशन भी बंद हैं।
एअर इंडिया, इंडिगो, एयर इंडिया एक्सप्रेस, स्पाइसजेट, अकासा एयर और कुछ विदेशी एयरलाइंस ने गुरुवार को 430 फ्लाइट्स कैंसिल कर दिए। ये देश की डेली फ्लाइट्स का 3% है। पाकिस्तान में भी 147 फ्लाइट्स कैंसिल हैं, जो डेली फ्लाइट्स का 17% है।
जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में हाई अलर्ट है। दोनों राज्यों के बॉर्डर इलाकों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। पुलिस, प्रशासनिक और हेल्थ विभाग के अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई है।
22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के 15 दिन बाद भारत ने मंगलवार देर रात पाकिस्तान और PoK में 9 आतंकी ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की। इसमें 100 से ज्यादा आतंकी मारे गए थे।
एअर इंडिया ने 9 शहरों के लिए लिए सभी उड़ानें 10 मई की सुबह 05:29 बजे तक रद्द कीं। ये शहर हैं- जम्मू, श्रीनगर, लेह, जोधपुर, अमृतसर, भुज, जामनगर, चंडीगढ़ और राजकोट।
इंडिगो ने 11 शहरों की फ्लाइट्स 10 मई की सुबह 05:29 बजे तक रद्द कीं। ये शहर हैं- जम्मू, श्रीनगर, अमृतसर, लेह, चंडीगढ़, धर्मशाला, बीकानेर, जोधपुर, ग्वालियर, किशनगढ़ और राजकोट।
10 मई तक इंडिगो की 165 फ्लाइट्स कैंसिल हुई हैं। एयरलाइंस हर दिन करीब 2200 फ्लाइट्स ऑपरेट करती है। दिल्ली एयरपोर्ट पर अलग-अलग एयरलाइंस की 20 फ्लाइट्स कैंसिल हुई है।
इंडिगो ने अल्माटी और ताशकंद के लिए सीधी उड़ानों को 14 जून तक के लिए रोक दिया है।
एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस ने सुरक्षाबलों से जुड़े लोगों को टिकट कैंसिलेशन पर फुल रिफंड और रिशेड्यूलिंग पर छूट देने की घोषणा की है। जिन डिफेंस कर्मियों ने 31 मई तक की यात्रा के लिए एयर इंडिया या एयर इंडिया एक्सप्रेस की टिकट बुक की है, उन्हें फुल रिफंड दिया जाएगा। वहीं, 30 जून तक एक बार फ्री रिशेड्यूलिंग की सुविधा मिलेगी।
दिल्ली एयरपोर्ट से गुरुवार को 90 फ्लाइट्स कैंसिल की गई हैं। एयरपोर्ट ने यात्रियों को फ्लाइट स्टेट्स चेक करने के बाद ही एयरपोर्ट आने का निर्देश दिया है।
अमृतसर में घरेलू-व्यवसायिक उड़ानें बंद। चंडीगढ़ में एयरफोर्स ने अपने यूज के लिए लिया। 10 मई तक 52 उड़ानें बंद, यात्रियों के टिकट के पैसे लौटाने के आदेश।
हिसार से कल की अयोध्या के लिए फ्लाइट कैंसिल कर दी हैं। एयरपोर्ट का कुछ क्षेत्र प्रतिबंधित कर दिया गया है। इसमें एयरपोर्ट के स्टाफ को भी जाने की परमिशन नहीं है।


