दिल्ली में ‘ऑपरेशन लोटस’ के मुद्दे पर गुरुवार को भी सियासी बवाल जारी है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर विधायक दल की मीटिंग बुलाई गई थी, जिसमें डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया समेत 9 विधायक नहीं पहुंचे। हालांकि सिसोदिया को लेकर पार्टी ने कहा कि वे हिमाचल दौरे पर गए हैं। वहीं सूत्रों के मुताबिक कुछ विधायकों से पार्टी हाईकमान का संपर्क भी नहीं हो पा रहा है।
मीटिंग के बाद केजरीवाल राजघाट पहुंचे और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा- भाजपा हमारे 40 विधायकों को खरीदना चाह रही है। सभी विधायकों को 20-20 करोड़ का ऑफर दिया जा रहा है। भाजपा 800 करोड़ रुपए खर्च कर दिल्ली सरकार गिराना चाहती है। 70 सीटों वाली दिल्ली विधानसभा में AAP के पास 62 और भाजपा के पास 8 सीटें हैं।
भाजपा ने दिल्ली में सिसोदिया का पुतला जलाया
शराब नीति में भ्रष्टाचार को लेकर भाजपा ने मनीष सिसोदिया के खिलाफ दिल्ली में प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता के नेतृत्व में पार्टी नेताओं ने मनीष सिसोदिया का पुतला भी जलाया। वहीं ‘गली-गली में शोर है, सिसोदिया चोर है’ के पोस्टर भी लगाए।
4 विधायकों के साथ AAP ने लगाया था खरीद-फरोख्त का आरोप
बुधवार को AAP नेता संजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ऑपरेशन लोटस को लेकर खुलासा किया था। उन्होंने कहा कि हमारे विधायकों को भाजपा ने ऑफर दिया। ऑफर यह था कि AAP छोड़ने पर 20 करोड़ देंगे और दूसरों को साथ लाए तो 25 करोड़।
संजय सिंह ने कहा- हमारे विधायक संजीव झा, सोमनाथ भारती, कुलदीप कुमार और एक अन्य विधायक को भाजपा ने पार्टी छोड़ने के बदले 20 करोड़ रुपए देने का ऑफर दिया है। संजय सिंह के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में सोमनाथ भारती भी थे। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोगों ने मुझे कहा कि AAP के 20 और विधायक हमारे संपर्क में हैं।
19 अगस्त से दिल्ली में AAP और BJP के बीच तकरार
आबकारी नीति को लेकर दिल्ली में पहली बार 19 अगस्त को मनीष सिसोदिया के घर पर CBI ने छापेमारी की थी। यह छापेमारी करीब 14 घंटे तक चली थी, जिसके बाद CBI ने इस मामले में PMLA कानून के तहत केस दर्ज कर लिया था।
इसके बाद से ही AAP केंद्र में सत्ताधारी दल भाजपा के खिलाफ मुखर है। सिसोदिया ने छापे के बाद कहा था कि भाजपा ने उन्हें AAP छोड़ने और CM बनाने का ऑफर दिया था। वहीं भाजपा ने जवाब में कहा- भ्रष्टाचार के आरोप से बचने के लिए आम आदमी पार्टी झूठ का माहौल बना रही है। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने बुधवार को कहा था कि मनीष सिसोदिया को जवाब देना होगा।