पश्चिम बंगाल में फर्स्ट फेज में रिकॉर्ड वोटिंग दर्ज की गई है। शाम 5 बजे तक 152 सीटों पर 89.93% वोटिंग हुई। वहीं तमिलनाडु की 234 सीटों पर शाम 5 बजे तक ही इतिहास में सबसे ज्यादा 84% वोट पड़े हैं। दोनों राज्यों मे शाम 6 बजे तक वोटिंग होनी है।
बंगाल में वोटिंग के आंकड़े सामने आने के बाद CM ममता बनर्जी ने कहा कि राज्य की जनता ने SIR के विरोध में बंपर वोटिंग की है।
पश्चिम बंगाल के दक्षिण मिदनापुर में कुमारगंज सीट से भाजपा कैंडिडेट सुवेंदु सरकार पर हमला हुआ है। वीडियो में दिख रहा है कि सुवेंदु हमले से बचने के लिए भाग रहे हैं। उनका सिक्योरिटी गार्ड उनके साथ है। इसके बावजूद भीड़ सुवेंदु को पीटती है।
इधर, बर्नपुर के रहमतनगर इलाके में आसनसोल साउथ सीट से भाजपा उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल की कार पर भी हमला हुआ। इससे गाड़ी के पीछे का शीशा टूट गया। अग्निमित्रा ने बताया कि एक मतदान केंद्र से बाहर निकलते समय उनकी कार पर पत्थर फेंके गए।
अग्निमित्रा ने हीरापुर पुलिस स्टेशन जाकर शिकायत दर्ज कराई है। बंगाल में कई अन्य जगहों पर BJP और TMC कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की खबरें आ रही हैं। कई जगह EVM खराब होने की शिकायत भी आई हैं।
बीरभूम के बोधपुर गांव में EVM खराब होने के बाद लोगों ने पुलिस और सेंट्रल फोर्स पर पथराव कर दिया। पुलिस की गाड़ी में तोड़फोड़ भी की। घटना में कई सुरक्षाकर्मी घायल हो गए।


