पीएम नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को बंगाल के मथुरापुर और कृष्णानगर में चुनावी रैली की । उन्होंने कहा- जनता ने तय कर दिया है कि 4 मई को परिणाम नहीं, परिवर्तन आएगा। TMC हारेगी और भाजपा का भरोसा जीतेगा।
मोदी ने कहा कि बंगाल की धरती मां दुर्गा को पूजती है, लेकिन TMC ने महिला आरक्षण के खिलाफ वोटिंग की। TMC की सरकार में गुंडों और बलात्कारियों को खुला संरक्षण मिला हुआ है। बंगाल की बेटियां ये अत्याचार कभी नहीं भूल सकतीं।
चुनाव प्रचार के दौरान झालमुड़ी खाने पर उन्होंने कहा- झालमुड़ी मैंने खाई है पर मिर्च विपक्ष को लग रही है। अब का मतदान सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ रहा है। मैं यहां परिवर्तन की आंधी देख रहा हूं।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल के भवानीपुर में रोड शो कर रही हैं। ममता वहीं से विधायक हैं। 29 अप्रैल को दूसरे चरण में वहां वोटिंग होनी है। इधर, पीएम मोदी भी हावड़ा में रोड शो कर रहे हैं।
शाह बोले – घुसपैठियों को चुन-चुनकर निकालेंगे
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हुगली के बालागढ़ में कहा कि बंगाल में भाजपा की सरकार बनते ही घुसपैठ पूरी तरह बंद कर दी जाएगी और जो घुसपैठिए यहां रह रहे हैं, उन्हें चुन-चुनकर बाहर निकाला जाएगा।
उन्होंने कहा कि घुसपैठिए राज्य की सुरक्षा के लिए खतरा हैं और बंगाल के युवाओं के हक की नौकरियां व गरीबों का राशन छीन रहे हैं।
दूसरे फेज की 142 सीटों पर वोटिंग
बंगाल में 29 अप्रैल को दूसरे फेज की 142 सीटों पर वोटिंग होनी है। 2021 के विधानसभा चुनावों में 142 में से 114 पर TMC को जीत मिली थी, वहीं भाजपा को 27 सीटें मिली थीं।


