यूपी में लोकसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। रविवार को पूर्व वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल (रिटायर्ड) आरकेएस भदौरिया ने BJP जॉइन की। दिल्ली में भाजपा के जनरल सेक्रेटरी विनोद तावड़े और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने उन्हें भाजपा जॉइन कराई। आरकेएस भदौरिया का जन्म आगरा में हुआ है। वे बाह तहसील के कोरथ गांव के रहने वाले हैं।
चर्चा है कि भाजपा गाजियाबाद से भदौरिया को टिकट दे सकती है। यहां से अभी केंद्रीय मंत्री वीके सिंह सांसद हैं। सूत्रों के मुताबिक, वीके सिंह का टिकट कट सकता है। इसके अलावा, पीलीभीत से वरुण गांधी का टिकट कटना तय माना जा रहा है। यहां से भाजपा जितिन प्रसाद को टिकट दे सकती है।
देर रात 12:40 बजे तक चली CEC की मीटिंग
लोकसभा चुनाव के प्रत्याशियों को लेकर शनिवार देर रात तक भाजपा सेंट्रल इलेक्शन कमेटी (CEC) की बैठक हुई। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, जेपी नड्डा सहित अन्य CEC मेंबर शामिल हुए। मीटिंग देर रात 12:40 बजे तक चली।
बैठक में लोकसभा चुनाव सहित 4 राज्यों आंध्र प्रदेश, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में होने वाले विधानसभा चुनावों की रणनीति पर भी चर्चा हुई। भाजपा लोकसभा प्रत्याशियों की पांचवी लिस्ट कभी भी जारी कर सकती है। इसमें 70 से 80 सीटों पर नाम घोषित किए जा सकते हैं।
अब तक 4 लिस्ट में 291 नामों का ऐलान हुआ
लोकसभा चुनाव के लिए BJP अब तक 4 लिस्ट में 291 नामों का ऐलान कर चुकी है। पहली लिस्ट में 195, दूसरी में 75, तीसरी में 9 और चौथी में 15 नाम घोषित किए गए हैं। जिन राज्यों पर विशेष चर्चा हुई उनमें ओडिशा, यूपी, पश्चिम बंगाल और राजस्थान शामिल रहे।
बैठक में उत्तर प्रदेश की बाकी बची 24 लोकसभा सीटों में से सिर्फ 10 पर नामों की चर्चा हुई। पश्चिम बंगाल की बाकी बची 19 लोकसभा सीटों में से 16 पर उम्मीदवारों के नाम पर मंथन हुआ। लिस्ट में बिहार के पहले फेज में होने वाले चुनाव के लिए लोकसभा कैंडिडेट के नाम का ऐलान हो सकता है।
संबित पात्रा पुरी और धर्मेंद्र प्रधान संबलपुर से लड़ सकते हैं चुनाव
इसके अलावा ओडिशा में BJD से गठबंधन का रास्ता बंद होने के बाद भाजपा राज्य की 147 विधानसभा सीटों के अलावा 21 लोकसभा सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी। सूत्रों के मुताबिक, संबलपुर से केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, पुरी से संबित पात्रा और भुवनेश्वर से अपराजिता सारंगी को उतारा जा सकता है। वहीं दो सिटिंग सांसदों का टिकट कटने की संभावना है।
2 मार्च को जारी भाजपा की पहली लिस्ट में 16 राज्य और 2 केंद्र शासित प्रदेशों में 195 नाम जारी हुए थे। 34 केंद्रीय मंत्रियों को टिकट मिला। वहीं, सूची में 28 महिलाएं, 27 SC, 18 ST, 57 OBC नाम रहे। 50 साल से कम उम्र के 47 कैंडिडेट थे, जिन्हें पार्टी ने युवा कहा। पहली लिस्ट में बताया गया कि नरेंद्र मोदी काशी और अमित शाह गांधीनगर से ही लड़ेंगे।