देश में पिछले हफ्ते से शुरू हुआ बारिश और आंधी-तूफान का दौर आज भी जारी रहेगा। मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश, राजस्थान समेत 17 राज्यों में बारिश का अनुमान लगाया है। यहां शनिवार (14 अप्रैल) को भी बरसात देखने को मिली थी। MP में ओले भी गिरे थे।
मौसम विभाग के मुताबिक, MP-राजस्थान के अलावा उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कर्नाटक, तेलंगाना, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, अंडमान एंड निकोबार में आज बारिश होगी। इससे इन राज्यों में हीटवेव और तेज गर्मी से राहत मिलेगी।
वहीं, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में आज ओले गिरने का अलर्ट जारी किया गया है।
उधर, दिल्ली में शनिवार शाम को धूलभरी आंधी चली। खराब मौसम के चलते यहां पहुंचने वाली 22 फ्लाइट्स को डाइवर्ट किया गया। दिल्ली में आज भी 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं, शाम होते-होते तेज बारिश भी हो सकती है।
देश के ज्यादातर हिस्सों में जहां बारिश के मौसम से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, कुछ इलाके ऐसे भी है जहां, तेज गर्मी का दौर लगातार जारी है। रविवार को महाराष्ट्र के मालेगांव 41 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। हरियाणा के नूंह में टेम्प्रेचर 38.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
आगे कैसा रहेगा मौसम?
अरुणाचल प्रदेश और असम में 16 और 17 अप्रैल को तेज बारिश की संभावना है।
पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में आज से अगले 7 दिनों तक बारिश की संभावना जताई गई है।
आंध्र प्रदेश और ओडिशा कल से 17 अप्रैल तक हीटवेव चलेगी।
हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।